Hindi NewsUttar-pradesh NewsSitapur NewsConstruction of Long-Awaited Railway Overbridge in Hargao Complete After Tragic Accident

रेलवे ओवरब्रिज की दूसरी लेन भी शुरू

संक्षेप: Sitapur News - हरगांव के मोहल्ला पिपरा में बन रहा रेलवे ओवरब्रिज अब पूरी तरह चालू हो गया है। हाल ही में हुई एक सड़क दुर्घटना के बाद प्रशासन ने पूर्व साइड पर आवागमन शुरू किया। इस ओवरब्रिज का निर्माण 2017 में शुरू हुआ...

Thu, 16 Oct 2025 11:38 PMNewswrap हिन्दुस्तान, सीतापुर
share Share
Follow Us on
रेलवे ओवरब्रिज की दूसरी लेन भी शुरू

हरगांव, संवाददाता। लखीमपुर-सीतापुर राजमार्ग पर हरगांव कस्बे के मोहल्ला पिपरा के निकट स्थित रेलवे समपार संख्या 99 ए पर बन रहा बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज आखिरकार पूरी तरह शुरू हो गया है। बुधवार को एक दुखद दुर्घटना के बाद पूर्व साइड (दूसरी लेन) पर भी वाहनों का आवागमन प्रारंभ कर दिया गया। गौरतलब है कि जिलाधिकारी अभिषेक आनंद के निर्देश पर ओवरब्रिज की पश्चिम साइड वाली लेन पहले ही 22 अगस्त को चालू कर दी गई थी, जबकि पूर्वी साइड की लेन सितंबर में खोले जाने की योजना थी। ओवरब्रिज का कार्य पूरा होकर 9 अगस्त की रात आवागमन के लिए शुरू भी कर दिया गया था, किंतु 10 अगस्त को औपचारिक उद्घाटन करवाने की तैयारी में इसे पुनः बंद कर दिया गया।

इसी बीच बुधवार को सीतापुर शहर के मोहल्ला दुर्गापुरवा निवासी रवी रस्तोगी की ओवरब्रिज के पास सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मृत्यु हो गई। हादसे के बाद प्रशासन ने तत्काल निर्णय लेते हुए ओवरब्रिज की दूसरी लेन पर भी आवागमन शुरू करा दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहले ही पुल खोल दिया गया होता, तो शायद यह दुर्घटना टल सकती थी। करीब 9 वर्षों से निर्माणाधीन यह ओवरब्रिज वर्ष 2017 में शुरू हुआ था। लंबे समय तक कार्य अधूरा रहने से लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा और कई बार जाम व हादसों की स्थितियाँ भी बनीं। अब पुल के पूर्ण रूप से चालू हो जाने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। इस पुल के शुरू होने से हजारों लोग लाभान्वित होंगे।