हर्ष फायरिंग में युवक घायल, गोली सिर छूते हुए निकली, लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी
Sitapur News - सीतापुर के रेउसा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में एक युवक मनोज अवस्थी घायल हो गया। गोली उसके सिर को छूते हुए निकल गई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया और फिर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीतापुर,संवाददाता। जिले के रेउसा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक युवक घायल हो गया। द्वारचार के समय की गई हवाई फायरिंग के दौरान चली गोली युवक के सिर को छूते हुए निकल गई। गोली लगने से वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद शादी समारोह और बारात में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार रेउसा क्षेत्र के कुंदी गांव निवासी राजकुमार सिंह के यहां शनिवार रात शादी समारोह आयोजित था।
इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ढोलई खुर्द गांव से बारात आई थी। देर रात द्वारचार का कार्यक्रम चल रहा था और बाराती तथा घराती समारोह में शामिल थे। इसी दौरान बारात में शामिल इमलिया सुल्तानपुर के ढोलई खुर्द निवासी दिनेश उर्फ हसनू ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कथित तौर पर हवाई फायरिंग कर दी।बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान चली गोली पास में खड़े बाराती मनोज अवस्थी के सिर को छूते हुए निकल गई। मनोज अवस्थी शुक्लनपुरवा भइसहा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और लहूलुहन हो गए। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और समारोह में अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और परिजनों की मदद से घायल मनोज को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।रेउसा थाना प्रभारी निरीक्षक हनुमंत तिवारी ने बताया कि शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान युवक घायल हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग किन परिस्थितियों में की गई और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन हुआ या नहीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


