फोन पर लड़के से बात कर रही थी बहन; गुस्साए भाई ने चाकू से गला रेत दिया, शोर मचाते रह गए परिजन

हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान टीम, मुजफ्फरनगर/शाहपुर
Follow us on Google News
share

मुजफ्फरनगर के आदमपुर गांव में बहन के फोन पर बात करने से नाराज भाई आमिर ने छुरी से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या में प्रयुक्त छुरी बरामद कर ली है और आरोपी की तलाश जारी है।

फोन पर लड़के से बात कर रही थी बहन; गुस्साए भाई ने चाकू से गला रेत दिया, शोर मचाते रह गए परिजन

मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव आदमपुर में रविवार को ऑनर किलिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बहन के एक युवक से फोन पर बात करने से नाराज भाई ने उसकी छुरी से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी घर छोड़कर चले गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव आदमपुर निवासी शकील अपने परिवार के साथ रहता है। उसकी बेटी अदीबा पहले गांव पलड़ी में रहती थी। करीब एक सप्ताह पहले उसका बड़ा भाई आमिर उसे अपने साथ आदमपुर लेकर आया था। रविवार दोपहर शकील खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गया हुआ था, जबकि घर पर अदीबा, उसकी मां नसीमा और अन्य परिजन मौजूद थे।

कमरा बंद कर बहन का छुरी से गला रेता

बताया जा रहा है कि इसी दौरान आमिर ने अदीबा को एक कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने छुरी से बहन का गला रेत दिया। वारदात के दौरान घर के बाहर मौजूद परिजन शोर मचाते रहे, लेकिन आरोपी ने किसी की नहीं सुनी। हत्या करने के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक देहात अक्षय संजय महाडिक और अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।

फोन पर लड़के से बात कर रही थी अदीबा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अदीबा किसी युवक से फोन पर बात करती थी। मृतका की मां नसीमा ने पुलिस को बताया कि परिवार ने उसे कई बार ऐसा करने से रोका था, लेकिन वह नहीं मानी। इसी बात को लेकर आमिर नाराज रहता था। पुलिस को आशंका है कि इसी वजह से आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त छुरी बरामद कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। इस घटना ने एक बार फिर समाज की कड़वी सच्चाई को सामने ला दिया है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।