ICU में सिंदूरदान, नई नवेली दुल्हन को गोरखपुर से रेफर करा लखनऊ ले गया दूल्हा; जानें पूरा मामला

वरिष्ठ संवाददाता, गोरखपुर
Follow us on Google News
share

पूजा की शादी शनि यादव के साथ होनी थी। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवार की खुशियां तनाव में बदल गई। इसके बावजूद शनि यादव ने हिम्मत नहीं हारी। दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद 13 मई की रात अस्पताल के ICU में भर्ती पूजा के बिस्तर पर ही सिंदूर भरकर शादी की रस्में पूरी कर दीं।

ICU में सिंदूरदान, नई नवेली दुल्हन को गोरखपुर से रेफर करा लखनऊ ले गया दूल्हा; जानें पूरा मामला

UP News: अस्पताल के आईसीयू में सिंदूरदान के दो दिन बाद भी पूजा की हालत में सुधार नहीं होने पर पति शनि ने उसका इलाज लखनऊ में कराने का फैसला किया। दोनों परिवारों की सहमति से शुक्रवार अपराह्न उसे लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हाल स्थिर है। सिर में सूजन है। यही डॉक्टरों के लिए चिंता का सबब है। मायके से लेकर ससुराल तक हर कोई उसके स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

बांसगांव के हटवार निवासी पूजा की 13 मई को शादी तय थी। शादी वाले दिन एलएलबी फाइनल सेमेस्टर की परीक्षा देकर लौटने के दौरान बाइक से गिरकर वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे दाउदपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आईसीयू में ही पति ने भरी थी मांग

पूजा की शादी महादेवा निवासी शनि यादव के साथ होनी थी। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवार की खुशियां तनाव में बदल गई। इसके बावजूद शनि यादव ने हिम्मत नहीं हारी। दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद 13 मई की रात अस्पताल के आईसीयू में भर्ती पूजा के बिस्तर पर ही सिंदूर भरकर शादी की रस्में पूरी कर दीं।

पत्नी की तीमारदारी में लगा है शनि

शनि यादव लगातार पत्नी के पास रहकर तीमारदारी कर रहे हैं। शनि ने बताया कि पूजा के साथ उसकी मां, भाई सर्वेश और अन्य रिश्तेदार लखनऊ पहुंच चुके हैं। न्यूरोलॉजिस्ट ने परिवारवालों को समझाया कि अभी ज्यादा चिंता की बात नहीं है।

यहां इलाज से नहीं हो रहा था फायदा

शनि यादव ने बताया कि पूजा दाऊदपुर के निजी अस्पताल में दो दिन भर्ती रही। इलाज से कोई फायदा नजर नहीं आ रहा था। वह अचेत रहती थी। उसके सिर में सूजन थी। डॉक्टर बता रहे थे कि पूजा का खून गाढ़ा हो रहा है। खतरा बढ़ रहा है। इसलिए परिवार ने तय किया कि उसे बड़े शहर के अस्पताल में ले जाया जाए। शुक्रवार सुबह लगभग 9 बजे पूजा को लखनऊ के लिए रेफर कराया गया। दोपहर तक चिनहट स्थित निजी अस्पताल में उसका इलाज शुरू हो गया। लखनऊ के डॉक्टरों का कहना है कि अभी उसकी हालत स्थिर है। खासकर सिर में फूली हुई सूजन ही सबसे ज्यादा चिंता का कारण है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।