Siddhart Nagar News: तराई में दिनभर चली धूप-बादलों की आंखमिचौली
Siddhart Nagar News: इटवा में मंगलवार को मौसम ने बदलाव दिखाया, जहां सुबह घने बादल और रिमझिम बारिश हुई। दिन के दौरान धूप और बादल का खेल चलता रहा, जिससे गर्मी और उमस बढ़ गई। अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम 27.3 डिग्री सेल्सियस रहा। कृषि मौसम केंद्र के अनुसार अगले 2-3 दिन बारिश की संभावना है।

Siddhart Nagar News: इटवा ,हिन्दुस्तान संवाद। तराई में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। इस दौरान क्षेत्र के कई हिस्सों में रिमझिम बारिश भी हुई। हालांकि बारिश का सिलसिला लंबे समय तक नहीं चला। इसके बाद दिनभर धूप और बादलों के बीच आंखमिचोली जारी रही। मौसम के लगातार बदलते मिजाज के बीच उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाए रखी। मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह बादल छाने और बूंदाबांदी से मौसम कुछ राहत भरा नजर आया, लेकिन बाद में धूप निकलने से वातावरण में फिर गर्मी और उमस बढ़ गई।
दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही।राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तराई में मानसूनी गतिविधियां अभी सक्रिय हैं। इसके प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों तक जिले में मौसम के बदले रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उन्होंने किसानों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बीच जिले में बारिश की उम्मीद बढ़ी है।


