
तराई में बदला मौसम, रिमझिम बारिश से बढ़ी ठंड
Siddhart-nagar News - इटवा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदला। सुबह से घने बादल और रुक-रुक कर बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई। ग्रामीण इलाकों में बारिश ने आवागमन में दिक्कतें बढ़ाईं। अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री और न्यूनतम 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कृषि के लिए यह बारिश लाभकारी है।
इटवा, हिन्दुस्तान संवाद। तराई के आंगन में बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदल नजर आया। सुबह से ही आसमान घने बादलों से ढका रहा और रुक-रुक कर रिमझिम बारिश होती रही। इससे जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ। ठंडी हवा और नमी बढ़ने से लोगों को दिनभर ठंड का अहसास होता रहा। बारिश का असर खासकर ग्रामीण इलाकों में ज्यादा देखने को मिला। हल्की लेकिन लगातार बारिश से गांवों की गलियां कीचड़ से सन गईं। इससे लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बच्चों और बुजुर्गों को फिसलन के कारण घर से निकलने में परेशानी हुई।
खुले खेतों और मैदानी इलाकों में नमी बढ़ने से ठंड और बढ़ गई। राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री और न्यूनतम 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बताया कि तापमान में यह गिरावट पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण हुई है, जिससे क्षेत्र में बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि 29 और 30 जनवरी को तराई क्षेत्र में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 29 जनवरी को कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है, जिससे सुबह के समय दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। कृषि के लिहाज से यह बारिश आंशिक रूप से लाभकारी मानी जा रही है। बारिश से खेतों में नमी बनी रहेगी, जिससे गेहूं की फसल को फायदा होने की उम्मीद है। वहीं दलहनी फसलों के लिए यह बारिश नुकसानदायक साबित हो सकती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




