
सोने के लेनदेन को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट
Siddhart-nagar News - इटवा में सोने के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में बुधवार रात विवाद हुआ, जिसमें मारपीट के दौरान कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
इटवा, हिन्दुस्तान संवाद। नगर पंचायत इटवा में बुधवार की रात सोने के लेनदेन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वार्ड नंबर आठ गुरु गोविंद सिंह नगर निवासी इन्द्रसेन सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने व्यापार के लिए 85.500 मिलीग्राम सोने का जेवर तैयार कर राजपुर डिहवा रोड निवासी अंकित सोनी को दिया था। इसी हिसाब के सिलसिले में वे बुधवार रात करीब आठ बजे अंकित के घर पहुंचे थे।

आरोप है कि वहां मौजूद अंकित सोनी, विकास सोनी और सत्यम पांडेय समेत कुछ अज्ञात लोग उन्हें अपशब्द कहते हुए हमला कर दिए। इन्द्रसेन के मुताबिक बीच बचाव करने पहुंचे उनके बेटे को भी मारा पीटा गया इससे उसे भी गंभीर चोटें आईं। उनका आरोप है कि हमलावर जाते वक्त जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने उनकी तहरीर पर शनि सोनी समेत चार नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 190, 115(2), 351(3), 352 और 316(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं हीरखास निवासी शनि सोनी ने भी उसी घटना को लेकर पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने बताया कि सोने के लेनदेन पर बातचीत के लिए बैठक बुलाई गई थी। इसमें इन्द्रसेन सोनी और उनके परिवार के लोग भी आए थे। शनि का आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और इन्द्रसेन, उनके बेटे रोहन, रोहित, राज और राहुल सोनी ने अंकित सोनी के पिता प्रदीप सोनी पर हमला कर दिया। शनि के अनुसार जब उन्होंने और उनके भाई विकास सोनी ने बीच बचाव की कोशिश की तो उन पर भी लाठी-डंडों से वार किया गया। इससे उनके लोगों को भी चोटें आई हैं। जाते-जाते उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी है। शनि सोनी के तहरीर पर पुलिस ने इन्द्रसेन सोनी समेत पांच लोगों को नामजद करते हुए बीएनएस की धारा 119(2), 190, 115(2), 351(3) में केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष इटवा रविंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


