
दो पक्षों में मारपीट, रुपये व मंगलसूत्र लूटने का आरोप, केस दर्ज
Siddhart-nagar News - भनवापुर के मन्नीजोत गांव में सुभावती पर हमला हुआ, जब वह मिठाई बिक्री का पैसा गिन रही थीं। एक युवक ने चाकू के बल पर पैसा और बैग छीनने की कोशिश की। उसके बाद लगभग 15 लोगों ने सुभावती के घर पर हमला किया,...
भनवापुर, हिन्दुस्तान संवाद। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मन्नीजोत गांव निवासी सुभावती पत्नी राजेश कुमार ने चौराहे के एक व्यक्ति के घर के लोगों पर सोमवार की रात मारपीट करने और नगदी व जेवर छीनकर भागने का आरोप लगाई। वहीं दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर देकर मारपीट का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 12 लोगों पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पीड़िता सुभावती ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि वह घर पर मिठाई बिक्री का रुपया गिन रही थीं, तभी मन्नीजोत चौराहे का एक युवक चाकू लेकर वहां पहुंचा और मिठाई बिक्री का रुपया व बैग छीनने का प्रयास करने लगा।

सुभावती ने उसे पकड़ लिया। इसी बीच आरोपी ने फोन कर अपने घरवालों व साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में आरोपी के भाई, बहन सहित लगभग 15 बाहरी लोग, लाठी-डंडा, सरिया और चाकू से लैस होकर सुभावती के घर में घुस आए और महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में सुभावती को गंभीर चोटें आईं, उनका बायां हाथ टूट गया। आरोप है कि बदमाशों ने घर में रखे करीब 30 हजार नकद और मंगलसूत्र भी लूट लिया है। पीड़िता के अनुसार, हमलावरों में शामिल महिलाओं ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी कि अब तुम लोग दुकान नहीं खोल पाओगे और पूरे परिवार को खत्म करने की बात कही। पीड़िता ने थाना त्रिलोकपुर में तहरीर देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं दूसरे पक्ष की अनारकली ने भी तहरीर देकर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष रामदेव ने बताया कि मारपीट के मामले में दोनों तरफ से तहरीर मिली थी। इसमें सुभावती की तहरीर पर नौ के विरुद्ध व अनारकली की तहरीर पर तीन के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


