हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा कल से, 65569 परीक्षार्थी होंगे शामिल
Siddhart-nagar News - सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा

सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से जनपद में प्रारंभ होगी। जिले में इस वर्ष 119 केंद्रों पर 65569 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली है। सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाएं पहुंचा दी गई हैं। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से उड़नदस्ते गठित किए गए हैं, जो परीक्षा के दौरान औचक निरीक्षण करेंगे। नकल विहीन परीक्षा के लिए केंद्रवार मजिस्ट्रेट तैनात बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू कर दी है।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी 119 परीक्षा केंद्रों पर 119 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक मजिस्ट्रेट परीक्षा अवधि के दौरान उपस्थित रहकर संपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। बहुस्तरीय निगरानी के लिए छह जोनल मजिस्ट्रेट व 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 प्रभावी रहेगी और अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा को नियंत्रण के लिए बना कंट्रोल रूम कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी, शिकायतों का त्वरित निस्तारण एवं आकस्मिक स्थितियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान कंट्रोल रूम दो शिफ्टों में संचालित होगा, जिसमें माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के कुल 28 शिक्षक तैनात रहेंगे। कंट्रोल रूम से नकल पर प्रभावी नियंत्रण, परीक्षा संचालन में पारदर्शिता तथा समन्वय को मजबूती मिलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा इसकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। प्रथम शिफ्ट सुबह 7.30 बजे से 12.30 बजे तक संचालित होगा। इस शिफ्ट के प्रभारी भारद्वाज शुक्ल, सह प्रभारी रत्नेश सिंह बनाए गए हैं। द्वितीय शिफ्ट दोपहर एक बजे से शाम 6.30 बजे तक संचालित होगा। इस शिफ्ट के प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव, सह प्रभारी श्वेता को बनाया गया है। कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन मानीटरिंग की जाएगी। इसके अलावा लखनऊ में मांगी जाने वाली जानकारियों को देने समेत स्थानीय स्तर पर मीडिया कर्मियों को परीक्षा से संबंधित सूचनाएं प्रदान की जाएंगी। एक नजर परीक्षा प्रारंभ : 18 फरवरी कुल परीक्षा केंद्र : 119 कुल परीक्षार्थी : 65569 हाईस्कूल : 37605 हाईस्कूल में बालक- 19229 हाईस्कूल में बालिका- 18376 इंटरमीडिएट : 27964 इंटरमीडिएट में बालक-14459 इंटरमीडिएट में बालिका-13505 जोनल मजिस्ट्रेट : छह सेक्टर मजिस्ट्रेट : 16 स्टेटिक मजिस्ट्रेट : 119 सचल दस्ता : छह केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया है कि सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रहें, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रखी जाए व निर्धारित समय से पूर्व किसी भी स्थिति में प्रश्नपत्र न खोला जाए। प्रश्नपत्रों को कोषागार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संबंधित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है। परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को भी सुरक्षित रूप से संकलित कर निर्धारित केंद्र पर जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। - अरुण कुमार, डीआईओएस
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


