
एसटीएफ के रडार पर रहेगें नकल माफिया
Siddhart-nagar News - संतकबीरनगर जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक होगी। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए प्रशासन ने सख्त तैयारियां की हैं। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी के लिए पुलिस और एसटीएफ तैनात रहेंगे। परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षा नकल विहीन एवं शांतिपूर्वक माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर शासन-प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। नकल माफिया एसटीएफ के रडार पर रहेंगे। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की विशेष निगरानी के लिए एलआईयू के साथ स्थानीय पुलिस को भी लगाया जाएगा। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी परीक्षा अवधि के दौरान भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करके जायजा लेंगे। उत्तर प्रदेश शासन के सचिव मोहित गुप्ता ने अभी हाल में ही पत्र जारी करके प्रदेश के समस्त पुलिस आयुक्त, डीएम एवं एसपी को निर्देश दिया है। यूपी बोर्ड की परीक्षा 18 फरवरी 2026 से शुरू होकर 12 मार्च 2026 को समाप्त होगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जिले में 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रश्न पत्रों एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा में सशस्त्र सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे। प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं को परीक्षा केंद्रों एवं संकलन केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में सशस्त्र पुलिस की अभिरक्षा में रखा जाएगा। जिला प्रशासन एवं डीआईओएस के जरिए परीक्षा के उपरांत परीक्षा केंद्र से संकलन केंद्र तक उत्तर पुस्तिकाओं का परिवहन पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रूप से कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के साथ संलकन केंद्र, भंडारण केंद्र पर भी पुलिस अभिरक्षा बनाए रखी जाएगी। अन्यथा की दशा में जिला प्रशासन एवं डीआईओएस उत्तरदायी होंगे। अपर पुलिस महानिदेशक एसटीएफ के जरिए संवेदनशील एवं परीक्षा केंद्रों के संबंध में संबंधित जनपदों को सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएगी। नकल माफियाओं पर एसटीएफ की नजर रहेगी। संवदेनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी एलआईयू, एसटीएफ और स्थानीय पुलिस भी करेगी। प्रश्न पत्रों के लीक होने के संबंध में यदि कोई घटना संज्ञान में आती है तो संबंधित के विरुद्ध उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा, अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम 2024 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा अवधि में परीक्षार्थियों की एकाग्रता प्रभावित न हो, इसके लिए ध्वनि विस्तारक यंत्र के संबंध में निर्गत दिशा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार के पास मोबाइल फोन रखने की व्यवस्था किए जाने का निर्देश है। डीएम आलोक कुमार ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा कराए जाने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है। सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा की सुचिता, पवित्रता, गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी। नकल करने और कराने की कोई गुजाइंश नहीं होगी। शासन के दिशा निर्देशों का पूरा अनुपालन होगा। एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा संपंन कराई जाएगी। नकल माफियाओं पर एसटीएफ की नजर तो रहेगी ही, साथ में एलआईयू और स्थानीय पुलिस की भी विशेष निगरानी रखेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




