
सिद्धार्थनगर में आठ किलोमीटर लंबी एकता पदयात्रा में गूंजे राष्ट्र की एकता-अखंडता के स्वर
संक्षेप: Siddhart-nagar News - सिद्धार्थनगर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर इटवा नगर पंचायत में आठ किमी लंबी एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी और भाजपा नेता हरीश द्विवेदी ने भाग लिया। सभा में सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए एकता और भाईचारे पर जोर दिया गया।
सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को इटवा नगर पंचायत में आठ किमी लंबी एकता पदयात्रा निकाली गई। पद यात्रा में राष्ट्र के एकता व अखंडता के स्वर गूंजे। पूर्व मंत्री डॉ.सतीश द्विवेदी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में बस्ती के पूर्व सांसद और असम भाजपा के प्रदेश प्रभारी हरीश द्विवेदी शामिल हुए। बलुआ चौराहे से शुरू हुई पदयात्रा महादेव घुरहू और आनंदनगर से गुजरते हुए इटवा ब्लॉक संसाधन केंद्र पहुंची। यहां जनसभा हुई, इस दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि देकर उनके योगदान को नमन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए हरीश द्विवेदी ने कहा कि सरदार पटेल ने बंटी हुई रियासतों को जोड़कर आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी।

उन्होंने कहा कि आज देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वही भावना देश को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने सुरक्षा, विकास और सामाजिक समरसता पर केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखते हुए कहा कि इटवा की यह सभा केवल आयोजन नहीं बल्कि संगठन की मजबूती का संकेत है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाकर पार्टी की रीढ़ साबित हो रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जोश, अनुशासन और सेवा भाव के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं को असली शक्ति दी है और देश विश्व मंच पर नई भूमिका निभा रहा है। पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती हर नागरिक के लिए प्रेरणा का क्षण है। एकता यात्रा का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक यह संदेश पहुंचाना है कि देश की प्रगति केवल एकता और भाईचारे से संभव है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को बांटने की कोशिशें हों तो ऐसे नेताओं का जीवन हमें मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि इटवा विधानसभा भाजपा की नीति सबका साथ सबका विकास को जमीन पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है और संगठन ही भाजपा की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि युवा, महिलाएं, व्यापारी और किसान इस यात्रा की रीढ़ हैं और आने वाले दिनों में इटवा को विकास, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में मॉडल विधानसभा बनाने का लक्ष्य है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, चेयरमैन विकास जायसवाल, चेयरमैन बिस्कोहर अजय गुप्त, जिला मंत्री कृष्णा मिश्र आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




