ट्रक के चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत
06 एसआईडीडी 21: डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भारतभारी चौराहे पर दुर्घटना के बाद मौजूद लोग

डुमरियागंज, हिन्दुस्तान संवाद। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भारतभारी चौराहे पर मंगलवार की रात करीब 10 बजे एक ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बस्ती जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र के परसोहिया गांव का निवासी था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना का विवरण
बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र का परसोहिया गांव सिद्धार्थनगर के सीमा पर है। वहां से भारतभारी चौराहे पर लोगों का अक्सर आना जाना होता रहता है। बताया जाता है कि परसोसिया गांव निवासी गणेश गौंड़ (27) पुत्र दिलीप कुमार किसी काम से डुमरियागंज आया हुआ था। वह वापस घर जा रहा था। रात करीब 10 बजे अभी वह भारतभारी चौराहे पर पहुंचा ही था कि एक ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना होते ही लोगों की भीड़ जुट गई। घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर चौराहे पर ही पुलिस बूथ है। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मामले की सूचना थाने पर भी दी गई। प्रभारी थानेदार सत्यदेव प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के जरिए परिजनों को मामले की जानकारी दी गई। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। घटना में शामिल ट्रक को पुलिस थाने ले आई है। बुधवार को मृतक के चाचा मनोज गौंड़ पुत्र संतराम ने पुलिस को तहरीर देकर संबंधित ट्रक चालक पर लापरवाही पूर्वक चलाने का आरोप लगाते केस दर्ज करने की मांग की। प्रभारी थानेदार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्पीड ब्रेकर की मांग
भारतभारी चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग
अब्दुल हमीद, राजेश कुमार, अनिल मिश्र, राम संवारे आदि ने बताया कि भारतभारी चौराहा नगर पंचायत भारतभारी का सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्ततम चौराहा है। आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे हादसे लगातार हो रहे हैं। लोगों ने स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


