सर्द हवा के आगे दोपहर में खिली धूप रही बेअसर
Siddhart-nagar News - 19 एसआईडीडी 03: शहर में रविवार को गलन भरी ठंड से निजात पाने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया।
सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम। तराई के आंगन में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी कोहरा, कभी बदली के बीच बहती बर्फीली हवा हर किसी को हिलाकर रख दे रही है। रविवार को भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहा। सुबह में बहती बर्फीली पछुआ हवा के बीच आसमान में धुंध व बादल छाए रहे। दोपहर में सूर्यदेव दर्शन तो दिए पर सर्द हवा के आगे धूप बेअसर दिखी। जरूरत पर जो भी बाहर निकला वह सड़कों पर कांपता हुआ दिखाई दिया। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री व न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
रविवार की सुबह से ही आसमान में धुंध व बादल छाए रहे। सर्द हवा चलने से मौसम में ठंड बढ़ गई। दोपहर में सूर्यदेव ने अपनी आभा बिखेरी लेकिन सर्द हवा के आगे धूप बेअसर नजर आई। ठंड और गलन की स्थिति पूरे दिन बनी रही। जिसने लोगों का घर से निकला मुश्किल कर दिया। लोग ठंड से बचने के लिए अपने घरों पर अलाव सेंकते दिखाई दिए। सर्दी बढ़ने से बाजारों में भी कोई खास चहल पहल नहीं दिखाई दी। लोग जरूरी काम से ही बाजारों में जाते दिखाई दिए। सड़कों पर भी और दिन की अपेक्षा वाहन भी कम देखे गए। ठंड से बचने के लिए लोग बाइक पर पूरी तरह से कपड़ों में पैक होकर निकले। राज्य कृषि मौसम केन्द्र प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ठंडी एवं शुष्क तेज पश्चिमी हवा के कारण वायु शीतलन गुणांक बढ़ने से अधिकतम तापमान गिरने के कारण दिन भर गलन का अहसास बना रहा। आगामी 48 घंटों के दौरान तापमान में और गिरावट के संकेत मिल रहे हैं।
......
गेहूं की फसल के लिए अच्छा है कोहरा
कोहरे को गेहूं के फसल के लिए अच्छा माना जाता है। कृषि वैज्ञानिक डॉ.प्रदीप कुमार ने बताया कि कोहरा गेहूं की फसल के लिए अच्छा होगा। किसानों को चाहिए कि खेतों में नमी बनाए रखें। समय पर टाप ड्रेसिंग भी करें। धूप निकले तभी खर पतवार नाशक दवा का छिड़काव करें। दवा का छिड़काव करते समय सावधानी जरूर बरतें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।