
सिद्धार्थनगर के समग्र विकास को गति देना अंतिम संकल्प: पाल
संक्षेप: Siddhart-nagar News - सिद्धार्थनगर एक आकांक्षी जिला है, जहां विकास की गति बढ़ाने के लिए सांसद जगदंबिका पाल ने बीएसए ग्राउंड में पावरग्रिड द्वारा आयोजित कार्यक्रम में चर्चा की। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, और विद्युत जैसे क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता बताई। पावरग्रिड का सहयोग जिले को विकास का नया आधार प्रदान कर रहा है।
सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम। सिद्धार्थनगर एक आकांक्षी जिला है और इसके समग्र विकास को गति देना उनका अंतिम संकल्प है। ये बातें सांसद जगदंबिका पाल ने रविवार को बीएसए ग्राउंड में पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की ओर से आयोजित विकास उन्मुख कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, विद्युत एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं में तेजी से सुधार कर जिले को नए विकास पथ की ओर ले जाया जा रहा है। पावरग्रिड जैसी राष्ट्रीय कंपनियों का सहयोग जिले को विकास का नया आधार दे रहा है। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में सिद्धार्थनगर देश के विकसित जिलों की पंक्ति में खड़ा दिखाई दे।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइट, हैंडपंप, स्मार्ट क्लास, सामुदायिक भवनों और विद्यालयों के विकास में हो रहे प्रयत्नों की सराहना की। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय ने कहा कि पहले सीएसआर फंड कुछ चुनिंदा जिलों विशेषकर रायबरेली व अमेठी तक ही सीमित था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी नीतियों ने इसे पूरे प्रदेश में समान रूप से लागू किया है। इसके परिणामस्वरूप सिद्धार्थनगर जैसे सीमावर्ती जिलों को भी बड़ी परियोजनाओं का लाभ मिल रहा है। पावरग्रिड के स्वतंत्र निदेशक शिव तपस्या पासवान ने कहा कि पावरग्रिड का सीएसआर अब शिक्षा, स्वच्छता, कौशल विकास, पर्यावरण संवर्धन, पेयजल व्यवस्था और सौर ऊर्जा कार्यक्रमों में सीधे तौर पर सहायता दे रहा है। यह परिवर्तन बताता है कि अब विकास किसी एक क्षेत्र का अधिकार नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक जिले की जरूरत और हक है। इस अवसर पर विधायक विनय वर्मा, पावरग्रिड के कार्यपालक निदेशक युगेश कुमार, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश मोहन, भाजपा के जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




