Siddhart Nagar News: युवक पर चाकू से हमला, गंभीर, गोरखपुर रेफर
Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार रात दशहरा मेला देखकर लौट रहे 22 वर्षीय आशीष निषाद पर अंतरी बाजार के पास चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल आशीष को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी अखिलेश यादव के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर। हिन्दुस्तान टीम शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के अंतरी बाजार नवडीहवा बानगंगा नदी पुल के पास मंगलवार रात हमलावर ने एक युवक को चाकू मार कर घायल कर दिया। लोगों ने घायल युवक को शरीर में घुसे चाकू के हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ पर इलाज के लिए पहुंचाया। हालत नाजुक देख उसे गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में युवक का इलाज होना बताया जा रहा है।शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के सिसवा बुजुर्ग निवासी आशीष निषाद उर्फ आसू साहनी ( 22) पुत्र पवन निषाद अपने ननिहाल कठेला समय माता थाना क्षेत्र के बसहिया नीबर के घर आया हुआ था।
कुछ दोस्त साथियों के साथ मंगलवार की रात बाइक से शोहरतगढ़ दशहरा का मेला देखने के लिए गया हुआ था। वापस लौटते समय रात करीब 10 बजे शोहरतगढ़ क्षेत्र के अंतरी बाजार नवडीहवा बानगंगा नदी पुल के पास नवडीहवा गांव निवासी अखिलेश यादव (20) पुत्र मनोहर यादव ने युवक आशीष निषाद पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना पाकर ननिहाल के अन्य साथी घटना स्थल पहुंचे। साथियों ने घायल आशीष को बाइक से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य शोहरतगढ़ पर ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करते हुए पीठ में घुसे चाकू को उसके शरीर से बाहर निकाला। हालत को गम्भीर देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया। वहां पर युवक का इलाज चल रहा है। चर्चा है कि दोनों युवकों के बीच रात में ही घटना के कुछ देर पहले वाद-विवाद भी हुआ था। पुलिस मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। थाना प्रभारी शेषमणि पांडेय ने कहा कि घायल युवक के पिता की तहरीर पर अखिलेश यादव (20) पुत्र मनोहर यादव के विरुद्ध केस दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।

