विश्व के शीर्ष वैज्ञानिकों में शामिल हुईं प्रो. कविता शाह, विवि का बढ़ाया मान
07 एसआईडीडी 04: कुलपति प्रो. कविता शाह शीर्ष पांच फीसदी वैज्ञानिकों की सूची में स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि उनके उत्कृष्ट शोध कार्यों, वैज्ञानिक

सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु की कुलपति प्रो. कविता शाह को प्रतिष्ठित साइरैंक ग्लोबल रजिस्ट्री-2025 में विश्व के शीर्ष पांच फीसदी वैज्ञानिकों की सूची में स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि उनके उत्कृष्ट शोध कार्यों, वैज्ञानिक योगदान व अकादमिक उत्कृष्टता की वैश्विक स्तर पर मिली मान्यता का प्रमाण है। कुलपति की इस सफलता से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।प्रो. कविता शाह देश की अग्रणी पर्यावरण वैज्ञानिकों में गिनी जाती हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास, प्रदूषण नियंत्रण व प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय शोध कार्य किए हैं। उनके शोध प्रकाशनों और वैज्ञानिक अध्ययनों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना और मान्यता प्राप्त हुई है।
साइरैंक ग्लोबल रजिस्ट्री की ओर से वैज्ञानिकों का मूल्यांकन शोध प्रकाशनों की गुणवत्ता, अंतरराष्ट्रीय उद्धरण (साइटेशन), शोध प्रभाव, नवाचार और अकादमिक योगदान जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर किया जाता है। इस प्रतिष्ठित सूची में स्थान प्राप्त करना किसी भी वैज्ञानिक के लिए वैश्विक सम्मान की बात मानी जाती है। प्रो. कविता शाह ने कहा कि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय अब अपनी बाल्यावस्था से आगे बढ़कर नई पहचान स्थापित कर रहा है। विश्वविद्यालय के शिक्षक और शोधार्थी कठिन परिश्रम के बल पर तीव्र गति से आगे बढ़ रहे हैं व राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पेटेंट प्राप्त कर बुद्ध की पावन धरती को ज्ञान और शोध के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अल्प समय में ही सिद्धार्थ विश्वविद्यालय देश के लंबे समय से स्थापित प्रमुख विश्वविद्यालयों की श्रेणी में अपना स्थान बनाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


