41.6 डिग्री पर पारा, हीटवेव की लपटों से झुलसी तराई
सिद्धार्थनगर में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री और न्यूनतम 28.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लोग गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरत रहे हैं, लेकिन हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मामले बढ़ रहे हैं। आगामी दिनों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम तराई के आंगन में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी से दिन और रात दोनों ही मुश्किल होते जा रहे हैं। तेज धूप, उमस और लू के थपेड़ों के बीच लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है, जबकि लापरवाही बरतने वाले लोग बीमारियों की चपेट में आकर अस्पतालों का रुख कर रहे हैं।
गर्मी का उच्चतम स्तर
जून के दूसरे सप्ताह में गर्मी अपने चरम पर पहुंचती दिखाई दे रही है। सुबह से ही उमस लोगों को परेशान कर रही है, जबकि दोपहर होते-होते चिलचिलाती धूप आग बरसाने लगती है। घर से बाहर निकलने वाले लोग सिर से पांव तक खुद को ढंककर सफर करने को मजबूर हैं, फिर भी गर्म हवा और तेज धूप से राहत नहीं मिल रही हैं। धूप के कारण लोगों का चेहरा लाल हो रहा है और शरीर पसीने से तरबतर हो जा रहा है। गर्मी का असर बाजारों और सड़कों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बुधवार को प्रचंड गर्मी से अधिकांश लोग घरों में ही दुबके रहे, जिससे प्रमुख सड़कों और बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही नजर आई।
गर्मी से बचाव के उपाय
दोपहर के समय कई स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग गर्मी से बचाव के लिए खानपान में सावधानी बरतने के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पी रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य मौसमी बीमारियों के मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को जिले अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री और न्यूनतम 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के कारण रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। घरों के भीतर उमस और बाहर गर्म हवा ने परेशानी बढ़ा दी है।
मौसम में बदलाव की संभावना
राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी दिनों में मौसम के मिजाज में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। 11, 12 और 13 जून को जिले में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज हो सकती है और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


