Siddhart Nagar News: सरकारी योजनाओं से बदली जिंदगी तो अब दिखेगी उसकी कहानी
Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को उजागर करना है। डीएम ने अधिकारियों को कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए। 'आशीर्वाद का दीया' अभियान के तहत दीप जलाए जाएंगे।

Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। सरकारी योजनाओं के जरिए लोगों के जीवन में आए बदलाव को अब जिले में व्यापक स्तर पर सामने लाया जाएगा। इसके लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की मौजूदगी में डीएम ने अधिकारियों को कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं से विभिन्न वर्गों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना और सेवा, सहभागिता तथा जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है। 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान से इसकी शुरुआत होगी। प्रमुख मंदिरों, घाटों, महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं तथा योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
कार्यक्रमों की तैयारियां
बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों में भाषण और रंगोली प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश दिए गए। युवाओं को विकास, नवाचार, सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए बुद्धिजीवियों के माध्यम से संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी को 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम कराने को कहा गया। इनमें हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का सम्मान और बच्चों को कॉमिक बुक्स, पौष्टिक फल व मिठाई वितरित की जाएगी।
बैठक में मौजूद अधिकारी
सीएमओ डॉ. संजय कुमार दोहरे, एडीएम वित्त एवं राजस्व गौरव श्रीवास्तव, एडीएम न्यायिक ज्ञान प्रकाश, डीडीओ राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, पीडी अनिल कुमार, डीसी एनआरएलएम देवनन्दन दूबे, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी बीएस यादव, डीपीआरओ वाचस्पति झा, बीएसए शैलेष कुमार, डीआईओएस अरूण कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


