
दो बड़ी चोरियों को खोलने की कड़ी तलाश रही पुलिस
Siddhart-nagar News - इटवा में सोमवार को दिन में दो बड़ी चोरी की घटनाएं हुईं। बढ़नी रोड पर व्यापारी से 5.4 लाख रुपये और बिस्कोहर रोड पर स्वर्ण व्यवसायी के बाइक से 1.3 किलो चांदी के आभूषण चुराए गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच...
इटवा, हिन्दुस्तान संवाद। इटवा कस्बे में सोमवार को दिन दहाड़े अलग-अलग जगहों पर दो बड़ी घटनाएं हुई थीं। बढ़नी रोड पर व्यापारी के डीसीएम से पांच लाख चौर सौ रुपये नगदी व बिस्कोहर रोड पर स्वर्ण व्यवसायी के बाइक की डिग्गी से उच्चकों ने 1.300 किलो चांदी के आभूषण को उड़ा लिया था। पुलिस चोरी का केस दर्ज कर मामले के खुलासे के लिए कड़ियों को जोड़ने के लिए जांच पड़ताल कर रही है। फिलहाल पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम कामयाबी से अभी दूर है। इटवा कस्बा निवासी सुभाष चन्द्र का कस्बे के बढ़नी रोड पर किराना की दुकान है। सोमवार को उन्होंने बलरामपुर जनपद के व्यापारी राजेश के यहां से चीनी मंगाई थी। डीसीएम पर चीन लदकर आई थी। सुभाष चन्द्र ने डीसीएम चालक को 5 लाख 400 रुपये भुगतान कर दिया था। रुपया लेकर चालक दुकान से 200 मीटर दूर खड़ी डीसीएम के पास गया और सीट पर रखकर गाड़ी के पीछे ढाल का दरवाजा बंद करने लगा। इसी बीच किसी उच्चके ने सीट से रुपये उड़ा लिया था। दूसरी घटना मस्जिदिया बिस्कोहर रोड निवासी अशोक सोनी के साथ हुई थी। सोमवार को वह अपनी बाइक से इटवा आए थे। उनके बाइक की डिग्गी में 1 किलो 300 ग्राम चांदी के जेवर रखे हुए थे। बिस्कोहर रोड पर गाड़ी खड़ी करके बगल में कुछ काम करने चले गए। वापस आए तो देखा कि डिग्गी का लाक टूटा था और आभूषण गायब थे। दोनों ही मामलों में पुलिस ने तहरीर के आधार पर चोरी का केस दर्ज कर सोमवार से ही जांच शुरू कर दी थी। खुलासा के लिए इटवा पुलिस के साथ एसओजी व सर्विलांस टीम लगी है। घटना हुए चौबीस घंटे बीत गए लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली ही हैं। वह कड़ियों को जोड़ कर घटना के खुलासा के करीब पहुंचने की कोशिश में है फिर भी कामयाबी दूर है। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि दोनों घटनाओं में केस दर्ज है। जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




