Siddhart Nagar News: पर्व पर रक्षा सूत्र में बंधा भाई-बहन का अटूट स्नेह
Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर में रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने भाइयों का तिलक कर रक्षा सूत्र बांधा और मिठाई खिलाई। भाइयों ने उपहार देकर बहनों की रक्षा का वादा किया। पर्व की खरीदारी से बाजारों में चहल-पहल रही, और परिवारों में खुशियां साझा की गईं।

Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को पूरे जिले में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर चहल-पहल रही। बहनों ने विधि-विधान से भाइयों का तिलक कर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और मिठाई खिलाकर सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर जीवनभर उनकी रक्षा और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। रक्षाबंधन को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक खासा उत्साह देखने को मिला। पर्व की पूर्व संध्या से ही बाजारों में राखी, मिठाई, फल और पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर भीड़ रही। शुक्रवार को सुबह से ही बहनों का भाइयों के घर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दूर रहने वाली कई बहनें भी पर्व मनाने के लिए अपने मायके पहुंचीं, जिससे घरों में लंबे समय बाद मिलन की खुशियां देखने को मिलीं。
रक्षा सूत्र का बंधन
बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधते हुए उनके सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल जीवन की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपने स्नेह का इजहार किया। कई घरों में बहनों के स्वागत के लिए विशेष पकवान बनाए गए। रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर परिवार के सदस्यों ने एक साथ बैठकर भोजन किया और पर्व की खुशियां साझा कीं। पर्व को लेकर बच्चों और युवाओं में भी विशेष उत्साह रहा।
बाजार में हलचल
रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों के साथ मिठाई की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही। बाजारों में जगह-जगह राखी की दुकानें सजी रहीं। भाई-बहनों के मिलन से घरों में उल्लास का माहौल रहा और पूरे जिले में रक्षाबंधन की खुशियां छाई रहीं।
डीएम ने बालिकाओं से बंधवाए रक्षासूत्र
सिद्धार्थनगर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नौगढ़ में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने छात्राओं के साथ रक्षासूत्र बंधवाकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। बालिकाओं ने डीएम को तिलक लगाकर रक्षासूत्र बांधा। उन्होंने बालिकाओं को मिठाई खिलाकर व उन्हें उपहार देकर उनका उत्साह वर्धन किया। बीएसए शैलेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी नौगढ़ राम कुमार सिंह, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा सुरेन्द्र श्रीवास्तव, विद्यालय की वार्डन गीता यादव समेत पूर्णकालिक शिक्षिका, लेखाकार, रसोईया, चौकीदार एवं अन्य उपस्थित रहे।


