ईरान के सुप्रीम लीडर के मारे जाने पर हल्लौर में प्रदर्शन
Siddhart-nagar News - 01 एसआईडीडी 01: ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्ला अली खामेनेई की मौत पर हल्लौर में विरोध प्रदर्शन करते लोग।

सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम। ईरान में इजराइल और अमेरिका की ओर से किए गए सैन्य कार्रवाई में सुप्रीम लीडर आयतुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि के बाद क्षेत्र के शिया बाहुल्य कस्बा हल्लौर में मौलाना शाहकार हुसैन जैदी के नेतृत्व में लोगों ने प्रदर्शन किया। हाथों में काला झंडा लेकर अमेरिका और इजराइल मुर्दाबाद का जमकर नारेबाजी की और नम आंखों से दिवंगत सुप्रीम लीडर को श्रद्धांजलि दी। हल्लौर जामा मस्जिद के दरगाह चौक परिसर में एकत्रित लोगों को संबोधित करते हुए मौलाना शाहकार हुसैन जैदी ने कहा कि शिया समुदाय के सबसे बड़े मौलाना अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है।
इसकी पुष्टि ईरानी मीडिया की ओर से रविवार सुबह की गई है। जो बहुत ही दर्दनाक है। उन्होंने कहा कि यह कायरता वाला कार्य ईजराइल और अमेरिकी हुकूमत ने किया है। इस गुप्त हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत नहीं बल्कि शहादत हुई है। खामेनेई ने 36 सालों तक ईरान की सत्ता संभाली, ईरान का सुप्रीम लीडर बनने से पहले वे देश के राष्ट्रपति और रक्षा मंत्री के पद पर भी रहे। एक आम मौलवी से सुप्रीम लीडर बनने तक का सफर उनके लिए आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि रसूल के नवासे इमाम हुसैन अलै. के चाहने वाले कर्बला के मैदान में यजीद और दुनिया की किसी जालिम हुकूमत के सामने झुकने वाले नहीं हैं। इसका सबूत मौलाना खामेनेई ने शहीद होकर दिखा दिया, लेकिन जालिम देश अमेरिका की शर्तों को कुबूल नहीं किया। इस कायराना और क्रूरता भरी हरक़त का परिणाम एक दिन जालिम देश को जरूर मिलेगा। उन्होंने शहीद मौलाना के हक़ में मगफेरत की दुआ करने की अपील की। इस दौरान जमाल हैदर, अज़ीम हैदर, नौशाद अहमद एडवोकेट, सैयद नफीस ,कसीम रिजवी, राहिब रिजवी, काजिम रज़ा, नफासत रिजवी, महफूज़ अली, वजीर हैदर बब्लू, इमाम हैदर, तशबीब हसन, मेहंदी हैदर शब्लू, नौशाद रिंकू आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



