
पुलिस के सूचना तंत्र पर उठ रहे सवाल, मुखबिर भी हो रहे फेल
Siddhart-nagar News - सिद्धार्थनगर में चार पुलिसकर्मियों पर रजनीश पटेल पर जानलेवा हमले का आरोप है। चार दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं हुए, जबकि 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की सूचना तंत्र पर सवाल उठ रहे हैं। मामले ने मीडिया का ध्यान खींचा, और गिरफ्तारी की कोशिशें जारी हैं।
सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम। कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के चंपापुर निवासी युवक रजनीश पटेल पर जानलेवा हमला करने वाले चारों पुलिसकर्मी केस दर्ज होने के चार दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। अब चारों पुलिस कर्मियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया गया है। इतना सब होने के बाद भी पुलिस के सूचना तंत्र व मुखबिरों के जाल पर लोग सवालिया निशान लगा रहे हैं। 22 अक्टूबर की रात मां लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन में शामिल कपिलवस्तु कोतवाली के चंपापुर निवासी युवक रजनीश पटेल पुत्र अशोक कुमार को मोहाना थाना में तैनात चार सिपाहियों ने उठा लिया था।

उसे बाइक पर बिठा कर कहीं ले गए और बेरहमी से पिटाई के बाद उसे ऊंजी के एक पेट्रोल पंप के पास फेंक कर चले गए थे। युवक को गंभीर हालत में पहले सीएचसी बर्डपुर फिर जिला अस्पताल और उसके बाद गोरखपुर रेफर कर दिया गया। हालत इतनी गंभीर थी कि गोरखपुर से लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। मामला मीडिया में उछला तो टालमटोल करने वाली पुलिस को डीआईजी के हस्तक्षेप पर चारों सिपाहियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज करना पड़ा था। केस दर्ज होते ही पूर्व में सस्पेंड किए गए सिपाही फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए दो सीओ के नेतृत्व में दो टीमें लगाई गईं। खुफिया व मुखबिर तंत्र सक्रिय हुआ लेकिन केस दर्ज होने के चार दिन बाद भी सुराग नहीं लग सका। पुलिस प्रशासन ने अब चारों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। पुलिस के लिए उन चारों की गिरफ्तार चुनौती बनी हुई है। लोग सवाल कर रहे हैं कि आखिर पुलिस का सूचना तंत्र या उसकी खुफिया एजेंसिंया क्या कर रही है जो अब तक उन चारों तक नहीं पहुंच सकी हैं। भागने का मौका दिया गया या चूक हत्या के प्रयास के आरोपी चारों पुलिस कर्मियों के खिलाफ केस तो दर्ज होना ही था इसे सबको पता था फिर कैसे वह लोग फरार हो गए, लोग सवाल कर रहे हैं। कुछ लोग चारों को फरार होने का मौका देने की बात कर रहे हैं तो कुछ पुलिसिया चूक बता रहे हैं। मामला चाहे जो हो पुलिस की किरकिरी तो हो ही रही है। आरोपी पुलिस कर्मियों की तलाश जारी है। टीमें लगी हैं। उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित हो गया है। जल्द ही गिरफ्तारी हो जाएगी। प्रशांत कुमार प्रसाद, एएसपी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




