परीक्षा ड्यूटी से लौट रहे सिपाही पर हमला, तीन पर केस
Siddhart-nagar News - बर्डपुर के किसमावती देवी परमात्मा कन्या इंटर कॉलेज में परीक्षा ड्यूटी पर तैनात आरक्षी राहुल यादव के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में भर्ती कराए गए। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बर्डपुर(सिद्धार्थनगर)। मोहाना थाना क्षेत्र के सिसवा गांव में स्थित किसमावती देवी परमात्मा कन्या इंटर कॉलेज में परीक्षा ड्यूटी पर तैनात आरक्षी राहुल यादव से गुरुवार की शाम कुछ लोगों ने मारपीट की। इस दौरान सिपाही घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोहाना थाना में तैनात आरक्षी राहुल यादव की गुरुवार को किसमावती देवी परमात्मा कन्या इंटर कॉलेज में परीक्षा ड्यूटी थी। शाम को परीक्षा के दौरान सिसवा गांव के कुछ ग्रामीणों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने सिपाही पर हमला कर दिया। इस दौरान सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ और सिर में चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही मोहाना थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल सिपाही को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी बर्डपुर पहुंचाई। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने सिपाही कोमेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मोहाना थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय से ड्यूटी कर सिपाही थाने आ रहा था। उसी दौरान कुछ ग्रामीणों से झड़प हो गई। तीन लोगों पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



