सिद्धार्थनगर में नए साल का मना रहे थे जश्न, चढ़ी कार, महिला की मौत, चार घायल
Siddhart-nagar News - सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम नए साल का जश्न मना रहे लोगों पर बुधवार की रात

सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम नए साल का जश्न मना रहे लोगों पर बुधवार की रात एक तेज रफ्तार कार चालक कहर बन कर टूट पड़ा। दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में किसी का हाथ टूटा तो किसी के पैर के हड्डी टूट गई। दुर्घटना के बाद मौजूद भीड़ ने कार चालक की जमकर धुनाई कर दी। पुलिस ने पहुंच कर जान बचाई। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर कार को कब्जे में ले लिए है। कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के बर्डपुर-कपिलवस्तु मार्ग पर तिलकपुर गांव के लोग बुधवार की रात नए साल का जश्न मनाने के लिए गांव के बाहर सड़क पर मौजूद थे।
डीजे की धुन पर ग्रामीण महिला भी थिरक रही थी इस दौरान एक तेज रफ्तार कार आई और उसने नए साल के जश्न में डूबे लोगों को रौंद दिया। इसमें 60 साल की सुंदरी पत्नी रामवृक्ष के सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं। 12 साल का राज पुत्र सर्वेश का एक हाथ टूट गया, 36 साल की मधु चौरसिया पत्नी संतोष चौरसिया का पैर, आठ साल के आदित्य पुत्र शैलेंद्र का पैर टूट गया जबकि उसकी मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को सीएचसी बर्डपुर ले जाया गया जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही सुंदरी ने दम तोड़ दिया। घायलों का इलाज शुरू किया गया। उधर दुर्घटना के बाद कार चालक अनिल निवासी बनियाभारी को पकड़ कर ग्रामीणों ने जमकर धुनाई कर दी। इस दौरान किसी ने सूचना पुलिस को दी तो थानाध्यक्ष संतोष तिवारी तत्काल मौके पर पहुंच गए और किसी प्रकार कार चालक को बचाया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंच गया था। घायलों को अस्पताल भेजा गया। कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। कार पुलिस के कब्जे में है। मृतका का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




