भूख के आगे हारी कमाई, शहर छोड़ गांव लौटे कामगार
Siddhart-nagar News - चित्र परिचय 29 एसआईडीडी 21: राकेश कुमार भारती ई शहर में गुजरे हुए दर्द की कहानी :संकट में शहर, रोटी के लिए होटलों पर लग रही कतारें इटवा/सोहना, हिन्दुस

इटवा/सोहना, हिन्दुस्तान संवाद। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब आम लोगों की जिंदगी पर साफ दिखने लगा है। ईंधन संकट और गैस सिलेंडर की किल्लत ने शहरों में काम करने वाले कामगारों की कमर तोड़ दी है। कामकाज ठप होने और बढ़ती महंगाई ने उन्हें ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है, जहां रोजी-रोटी बचाना भी मुश्किल हो गया। मजबूरी में अब वे शहरों से पलायन कर अपने गांव लौट रहे हैं। हाल ही में नावडीह गांव के राकेश कुमार भारती भी इसी संकट की मार झेलकर पुणे से लौटे हैं। वे एक निजी कंपनी में काम करते थे, लेकिन गैस की कमी ने सब कुछ बिगाड़ दिया।
राकेश बताते हैं कि हालात ऐसे हो गए थे कि न खाना बन पा रहा था और न ही काम सुचारू रूप से चल पा रहा था। रोज कमाकर खाने वाले के लिए यह स्थिति किसी बड़े संकट से कम नहीं थी। डर और अनिश्चिता के बीच उन्होंने गांव लौटने का फैसला किया। अब वे परिवार के साथ लकड़ी और कंडों के सहारे किसी तरह चूल्हा जला रहे हैं और भविष्य को लेकर को लेकर असमंजस में हैं। इसी गांव के दीपक कुमार भारती की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। वे औरंगाबाद की एक कंपनी में काम करते थे, लेकिन गैस की किल्लत ने वहां कामकाज को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। भोजन बनना मुश्किल हो गया, जिससे काम करना भी भारी पड़ने लगा। दीपक बताते हैं कि होटलों में खाने के लिए लंबी कतारें लग रही थीं, जिससे हालात और भी भयावह हो गए। ऊपर से लॉकडाउन की अफवाहों ने चिंता और बढ़ा दी। अंततः उन्हें भी गांव लौटना पड़ा। यह सिर्फ दो कामगारों की कहानी नहीं, बल्कि उस दर्द की तस्वीर है, जिसमें रोजी-रोटी की तलाश में घर से दूर गए लोग आज मजबूरी में फिर उसी चौखट पर लौट रहे हैं, जहां से उन्होंने बेहतर जीवन की उम्मीद को लेकर शहर की कदम बढ़ाया था। शहरों से गांव लौट रहे इन कामगारों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती दोबारा रोजगार पाना है। गांव में सीमित अवसर और बढ़ता दबाव उनकी चिंता को और गहरा रहा है। अगर हालात जल्द नहीं सुधरे, तो यह पलायन और तेज हो सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


