
समावेशी शिक्षा का अभियान शुरू, प्रशिक्षण में 28 विशेष शिक्षक शामिल
Siddhart-nagar News - सिद्धार्थनगर में समावेशी शिक्षा को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए विशेष शिक्षकों का तीन दिवसीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। इसमें 28 विशेष शिक्षक भाग ले रहे हैं, जिन्हें राज्य स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन शिक्षकों को जिले के 1131 विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षित करने का कार्य सौंपा जाएगा।
सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। समावेशी शिक्षा को विद्यालय स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से जनपद स्तर पर विशेष शिक्षकों के तीन दिवसीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र नौगढ़ में किया गया। इस प्रशिक्षण में 28 विशेष शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं, जिन्हें राज्य स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके दो मास्टर ट्रेनर्स खेसरहा ब्लॉक के श्रीराम एवं उस्का बाजार के अखिलेश कुमार मिश्र प्रशिक्षण दे रहे हैं। तीन दिवसीय प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद ये सभी विशेष शिक्षक मास्टर ट्रेनर के रूप में जिले के 1131 परिषदीय विद्यालयों के एक-एक शिक्षक को प्रशिक्षित करेंगे।

इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है। विगत दो वर्षों में सभी विद्यालयों के नोडल शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जिससे इस वर्ष प्रशिक्षण व्यवस्था और भी सुदृढ़ होने की उम्मीद है। जिला समन्वयक करुणापति त्रिपाठी ने बताया कि समावेशी शिक्षा का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक बच्चे को बिना किसी भेदभाव के शिक्षा का समान अवसर मिले और विद्यालय में सीखने का वातावरण सभी बच्चों के लिए अनुकूल हो। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों में सुषमा पांडेय, पूर्णिमा पांडेय, अंशिका श्रीवास्तव, प्रतिभा, राघवेंद्र मिश्र, प्रेम प्रकाश, प्रदीप सिंह, राजेश त्रिपाठी, रितेश वर्मा, शिवम शुक्ल आदि शामिल रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


