निशान यात्रा में श्याम भक्ति में झूमते रहे श्रद्धालु
Siddhart-nagar News - फाल्गुन महोत्सव के अवसर पर नगर पंचायत बढ़नी में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भव्य निशान यात्रा में हजारों भक्त खाटू श्याम की भक्ति में लीन रहे। यात्रा का शुभारंभ रानीसती दादी मंदिर से हुआ और समापन श्री श्याम मंदिर में हुआ। भक्तों ने बाबा के दर्शन किए और महाप्रसाद वितरित किया गया।

बढ़नी, हिन्दुस्तान संवाद। फाल्गुन महोत्सव के अवसर पर नगर पंचायत बढ़नी व कृष्णानगर की सड़कों पर शुक्रवार को श्रद्धा का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भव्य निशान यात्रा में हजारों श्रद्धालु हाथों में केसरिया व रंग-बिरंगे निशान लेकर खाटू श्याम की भक्ति में लीन नजर आए। पूरा नगर भक्ति गीतों और जयघोषों से गूंज उठा। निशान यात्रा का शुभारंभ सुबह गोला बाजार स्थित रानीसती दादी मंदिर में विधिवत पूजन और अखंड ज्योति की आरती के साथ हुआ। ढोल-नगाड़ों और ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर बज रहे भजनों की धुन पर महिला, पुरुष और बच्चे झूमते हुए आगे बढ़ते रहे। हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
नगर के प्रमुख चौराहों और गलियों में सामाजिक संगठनों व स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर पेयजल और जलपान की व्यवस्था भी रही। कड़ी धूप के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। यात्रा का समापन कृष्णानगर स्थित श्री श्याम मंदिर में हुआ। जहां भक्तों ने कतारबद्ध होकर बाबा के विग्रह के दर्शन किए और अपना निशान अर्पित किया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था। देर शाम तक भजन-कीर्तन चलता रहा और श्रद्धालुओं में महाप्रसाद वितरित किया गया। निशान शोभायात्रा में विधायक विनय वर्मा, चेयरमैन सुनील अग्रहरि, कन्हैया मित्तल, गोकुल गोयल, संजय मित्तल, हिमांशु कंछल, विनीत कमलापुरी, सभासद सतीश चंद्र शर्मा, शिवम उपाध्याय, राजकुमार अग्रहरि, संजय जायसवाल आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



