Siddhart Nagar News: सरयू नहर में बहती दिखीं कई गायें, देवरिया गांव के पास मचा हड़कंप
Siddhart Nagar News: बांसी क्षेत्र के देवरिया गांव में सरयू नहर में तेज बहाव के बीच कई गायें बहने लगीं जिससे गांव में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने लगभग 10 गायों को बहते हुए देखा और कुछ गायों के शरीर पर चोट के निशान थे। ग्रामीणों ने मामले की जांच की मांग की है।

Siddhart Nagar News: बांसी, हिन्दुस्तान संवाद। बांसी क्षेत्र के देवरिया गांव के पास मंगलवार को सरयू नहर में तेज बहाव के बीच कई गायें बहती दिखाई देने से राहगीरों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। नहर में गायों को बहता देख बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और मोबाइल फोन से वीडियो बनाने के साथ काफी देर तक नहर की निगरानी करते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 10 मिनट के दौरान लगभग 10 गायें नहर के तेज बहाव में बहती हुई दिखाई दीं। कुछ गायों की हालत बेहद खराब नजर आ रही थी। राहगीरों ने बताया कि कुछ गायों के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे और कुछ की स्थिति ऐसी थी कि उनके सिर तक नजर नहीं आ रहे थे।
सुबह से नहर में कितनी गायें बहकर जा चुकी हैं इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी। एक साथ इतनी संख्या में गायों के नहर में बहते मिलने से मौके पर मौजूद लोगों में चर्चा का माहौल रहा। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गायें नहर में कहां से और किन परस्थितियों में पहुंचीं। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मृत्युंजय पाठक ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।


