फाइनल मुकाबले में जमोहना को हराकर इटवा बना चौंपियन
Siddhart-nagar News - इटवा की टीम ने सिद्धार्थ स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में जमोहना को हराकर टूर्नामेंट का खिताब जीता। जमोहना ने 87 रन बनाए, जबकि इटवा ने 7.2 ओवर में चार विकेट खोकर जीत हासिल की। छोटू को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

इटवा, हिन्दुस्तान संवाद। इटवा क्षेत्र के बेलहसा सिकरी स्थित सिद्धार्थ स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में इटवा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जमोहना को पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। मैच को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जमोहना की टीम इटवा की कसी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। 10 ओवर के मैच में जमोहना की टीम 7 विकेट के नुकसान पर केवल 87 रन ही बना पाई। टीम की ओर से कृष्णा यादव ने 30 रन और उमेश ने 29 रन की पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया लेकिन अन्य बल्लेबाज कुछ खास योगदान नहीं दे सके।
इटवा की ओर से कमर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके जबकि धर्मेंद्र ने एक विकेट लिया। 88 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटवा की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती झटकों में उसके तीन विकेट जल्दी गिर गए। इसके बाद छोटू ने जिम्मेदारी संभालते हुए आक्रामक और संयमित बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया। छोटू ने 40 रनों की पारी खेली। उनके साथ ज़ीशान ने 23 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को 7.2 ओवर में चार विकेट खोकर जीत दिला दी। जमोहना की ओर से कृष्णा यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इटवा के लगातार तीन विकेट झटके। भले ही उनकी टीम खिताब नहीं जीत सकी लेकिन उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले इटवा के बल्लेबाज छोटू को मैन ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया। मैच के समापन पर आयोजकों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान किए। इस मौके पर रिजवान अहमद, नादिर सलाम, अहमद खान, अताउर्रहमान, ताबिश ख़ान, मोहम्मद ख़ान, इकराम ख़ान, हम्माद खान आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




