स्मार्ट नैनो-पदार्थों पर अंतरराष्ट्रीय शोध पुस्तक प्रकाशित
Siddhart-nagar News - सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के रसायन विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. लक्ष्मण सिंह द्वारा संपादित अंतरराष्ट्रीय शोध-आधारित पुस्तक 'स्मार्ट नैनो-पदार्थों का संश्लेषण, उपयोग एवं भविष्य की संभावनाएं' का प्रकाशन हुआ है। यह पुस्तक नैनो-विज्ञान में विश्वविद्यालय की उपस्थिति को वैश्विक स्तर पर स्थापित करती है और छात्रों एवं शोधार्थियों के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ पुस्तक है।

सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के रसायन विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष एवं सह प्राध्यापक डॉ. लक्ष्मण सिंह की ओर से संपादित अंतरराष्ट्रीय शोध-आधारित पुस्तक स्मार्ट नैनो-पदार्थों का संश्लेषण, उपयोग एवं भविष्य की संभावनाएं का प्रकाशन अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन संस्था बेंथम साइंस, सिंगापुर द्वारा किया गया है। यह पुस्तक नैनो-विज्ञान के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की सशक्त उपस्थिति को वैश्विक मंच पर स्थापित करती है। डॉ.लक्ष्मण सिंह ने बताया कि यह शोध पुस्तक स्मार्ट नैनो-पदार्थों के निर्माण (संश्लेषण), उनके बहुआयामी उपयोग व भावी अनुसंधान संभावनाओं पर केंद्रित है। स्मार्ट नैनो-पदार्थ ऐसे उन्नत पदार्थ होते हैं जो तापमान, प्रकाश, अम्लीय-क्षारीय स्तर, विद्युत या चुंबकीय क्षेत्र जैसे बाह्य उद्दीपनों के प्रति संवेदनशील प्रतिक्रिया देते हैं।
इन पदार्थों का उपयोग ऊर्जा संचयन, पर्यावरण संरक्षण, जैव-चिकित्सा, संवेदक तकनीक, उत्प्रेरण व सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। पुस्तक में देश-विदेश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों और शिक्षाविदों द्वारा किए गए नवीन शोध कार्यों को शामिल किया गया है, जिससे यह ग्रंथ विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ पुस्तक बन गई है। इसमें न केवल वर्तमान शोध प्रगति को प्रस्तुत किया गया है, बल्कि नैनो-विज्ञान एवं नैनो-प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भविष्य की चुनौतियों और अनुसंधान की नई दिशाओं पर भी प्रकाश डाला गया है। कुलपति प्रो. कविता शाह ने कहा कि यह प्रकाशन सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की अनुसंधान-प्रधान सोच और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उसके निरंतर योगदान को दर्शाता है। विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता प्रो. प्रकृति राय ने भी इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिए प्रेरणादायक बताया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




