Siddhart Nagar News: निरीक्षण में बंद मिले 11 परिषदीय स्कूल, अनुपस्थित 65 शिक्षकों पर कार्रवाई
Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर में जिला और ब्लॉक स्तरीय टास्कफोर्स ने 11 परिषदीय विद्यालयों को बंद पाया। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 65 शिक्षकों के एक दिन का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण मांगा। यदि संतोषजनक उत्तर नहीं मिलता, तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर। जनपद में जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय टास्कफोर्स के अधिकारियों के निरीक्षण में 11 परिषदीय विद्यालय बंद मिले। निरीक्षण के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र और अनुदेशकों समेत 65 शिक्षकों एवं शिक्षण कर्मियों के एक दिन का वेतन व मानदेय बाधित करने की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी संबंधितों से एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। बीएसए शैलेश कुमार ने बताया कि 21 अगस्त से छह सितंबर के बीच किए गए निरीक्षण में 11 विद्यालय बंद मिले। प्रधानाध्यापक-इंचार्ज प्रधानाध्यापक समेत समस्त विद्यालय स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि बढ़नी ब्लॉक के खरिकौरा, बर्डपुर के परसा बेलहरी, महदेवा मिश्र, मिश्रौलिया, बैजनाथपुर, जोगिया के केवटालिया, खेसरहा के बैतुल्लाह, नौगढ़ के ककोरी, उस्का बाजार के सजनापार, सोहांस जनूबी और वसावनपुर विद्यालय बंद मिले हैं। बीएसए ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्पष्टीकरण प्राप्त कर उसकी समीक्षा करें। संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


