दो दिवसीय भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव आज से
Siddhart-nagar News - सिद्धार्थनगर में 18 और 19 फरवरी को भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव का आयोजन होगा। यह महोत्सव संस्कृति-पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इसमें सांस्कृतिक शोभायात्रा, कवि सम्मेलन, और विभिन्न लोक नृत्य एवं गायन की प्रस्तुतियां होंगी। विभिन्न राज्यों के कलाकार इस महोत्सव में भाग लेंगे।

सिद्धार्थनगर, वरिष्ठ संवाददाता। भारत और नेपाल के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिले के शहर के बीएसए ग्राउंड में दो दिवसीय भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव का आयोजन 18 व 19 फरवरी को होगा। कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति-पर्यटन विभाग उत्तर प्रदेश व जिला प्रशासन की ओर से किया जा रहा है। दो दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक, शैक्षिक और पारंपरिक विरासत से जुड़े विविध कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। 18 फरवरी को दिन में दो बजे सांस्कृतिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इसके बाद शाम चार बजे से बीएसए ग्राउंड में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव के अंतर्गत कवि सम्मेलन एवं संगोष्ठी, एक जनपद-एक उत्पाद प्रदर्शनी, भारत-नेपाल सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित चित्रकला एवं रंगोली प्रदर्शनी सहित विविध कार्यक्रम होंगे। 18 फरवरी को सांस्कृतिक संध्या में लोक एवं शास्त्रीय गायन, लोक नृत्य व मुंबई के गायक विशाल श्रीवास्तव की विशेष प्रस्तुति होगी। वहीं 19 फरवरी को भी विभिन्न राज्यों एवं जनपदों के कलाकारों द्वारा लोक नृत्य, लोक गायन आदि की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसमें मध्यप्रदेश, सिद्धार्थनगर, लखनऊ, सीतापुर, प्रयागराज, संतकबीरनगर सहित विभिन्न स्थानों के कलाकार शामिल होंगे। पहले दिन ये कलाकार बिखेरेंगे सुर-ताल का जादू पहले दिन फरुवाही लोक नृत्य में छोटू (महराजगंज), लोक गायन में अमर मणि दुबे (सिद्धार्थनगर) व राम किशुन (प्रयागराज), सूफी गायन में अविनाश मिश्र निखिल (सीतापुर), शास्त्रीय गायन में विष्णु तिवारी (लखनऊ), गायन में करुणा निधि वर्मा (महराजगंज), बधाई नृत्य में सुधीर तिवारी (सागर, मध्यप्रदेश) व राजाराम भारती (महराजगंज) की प्रस्तुति होगी। दूसरे दिन सजेगा लोक-संस्कृति का रंगमंच दूसरे दिन बधाई नृत्य में सुधीर तिवारी (सागर, मध्यप्रदेश), गायन में मनोज कुमार (सिद्धार्थनगर), फरुवाही लोक नृत्य में लल्लन (महराजगंज), लोक गायन में अभिषेक मिश्र (सीतापुर), अवधी गायन में मुनीश ज्ञानी (सिद्धार्थनगर), लोक गायन में अंकिता सिंह (लखनऊ) व लाल बहादुर विश्वकर्मा (सिद्धार्थनगर), गायन में पवन पांडेय (सिद्धार्थनगर), नुक्कड़ नाटक में अभय प्रताप (संतकबीरनगर) व लोक नृत्य में खुशी शर्मा (लखनऊ) अपनी प्रस्तुति देंगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


