Siddhart Nagar News: क्षेत्र में धड़ल्ले से हो रहा मिट्टी का अवैध खनन
Siddhart Nagar News: 08 एसआईडीडी 11: डुमरियागंज क्षेत्र के रमवापुर उर्फ नेबुआ गांव के पास जाता मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली।

Siddhart Nagar News: डुमरियागंज/भनवापुर, हिन्दुस्तान संवाद। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के रमवापुर उर्फ नेबुआ गांव के पास राप्ती नदी क्षेत्र के पास कथित रूप से मिट्टी का अवैध खनन करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार बारिश के बीच भी खनन कारोबारी जेसीबी मशीन लगाकर बंधे के पास धड़ल्ले से मिट्टी की खोदाई करा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में करीब एक सप्ताह से मिट्टी की खोदाई का काम चल रहा है।आरोप है कि जेसीबी से बड़े पैमाने पर मिट्टी निकालकर उसे वाहनों के जरिए अन्य स्थानों पर ले जाया जा रहा है। इससे नदी क्षेत्र और बंधे की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
लोगों की मानें तो प्रति वर्ष बाढ़ की चपेट में यह गांव रहता है उसके बाद भी खनन माफिया खनन करने से नहीं चूकते हैं। बताया कि लगातार हो रही खोदाई की जानकारी संबंधित जिम्मेदारों को होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। एसडीएम विवेकानंद मिश्र ने बताया कि मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


