
अवैध अस्पतालों में बिना पंजीकरण चल रहा अल्ट्रासाउंड
Siddhart-nagar News - सिद्धार्थनगर में कई निजी अस्पतालों में बिना पंजीकरण के अवैध पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे चलाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य टीम ने डुमरियागंज क्षेत्र के आरएस हॉस्पिटल फ्रैक्चर क्लीनिक पर छापेमारी की, जहां अवैध रूप से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन संचालित पाई गई। हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है, लेकिन पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत कार्रवाई अभी बाकी है।
सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम। जनपद के कई निजी अस्पतालों में अवैध तरीके से बिना पंजीकरण के पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे आदि धड़ल्ले से चलाया जा रहा है। इसकी पुष्टि भी स्वास्थ्य टीम की छापेमारी में हुई है। टीम ने डुमरियागंज क्षेत्र के कनकटी चौराहे पर अवैध रूप से संचालित आरएस हॉस्पिटल फ्रैक्चर क्लीनिक पर छापेमारी की। यह हॉस्पिटल अवैध तरीके से संचालित मिला और पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड भी बिना पंजीकरण के चलता पाया गया। अवैध अल्ट्रासाउंड संचालन ने महकमें पर सवाल खड़े कर दिया है। दरअसल, नैदानिक स्थापना (निजी अस्पताल) के नोडल अधिकारी डॉ. एमएम त्रिपाठी, एसडीएम राजेश कुमार, सीएचसी बेंवा के अधीक्षक डॉ. विकास चौधरी आदि की संयुक्त टीम ने 28 दिसंबर को कई अवैध अस्पतालों पर छापेमारी की।
यह टीम डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र के कनकटी चौराहे पर संचालित आरएस हॉस्पिटल फ्रैक्चर क्लीनिक पर छापेमारी की। इस दौरान हॉस्पिटल अवैध तरीके से संचालित मिला। टीम द्वारा हॉस्पिटल को खंगालने पर पैथोलॉजी, ओटी के साथ-साथ पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन भी संचालित पाया गया। यह पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड संचालन पूरी तरह से पीसीपीएनडीटी एक्ट का उलंघन है, बावजूद धड़ल्ले से चलता पाया गया। इस पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन को किस चिकित्सक व कर्मी की ओर से ऑपरेट किया जा रहा था, इसके बारे में हॉस्पिटल संचालक कोई भी जानकारी नहीं दे सका। नोडल अधिकारी ने हॉस्पिटल के अवैध संचालित होने पर सील की कार्रवाई कर दी है, लेकिन पीसीपीएनडीटी एक्ट में अभी तक कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे विभाग पर सवाल खड़ा हो गया है। विभागीय कर्मियों का भी कहना है कि मिलीभगत से जनपद भर में यह खेला चल रहा है। इसी से पीसीपीएनडीटी एक्ट में कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। नैदानिक स्थापना के नोडल अधिकारी डॉ. एमएम त्रिपाठी ने कहा, डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र के कनकटी चौराहे पर आरएस हॉस्पिटल फ्रैक्चर क्लीनिक संचालित हो रहा था। छापेमारी में हॉस्पिटल के अवैध मिलने पर सील कर दिया गया है। छापेमारी के दौरान पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड संचालित पाया गया है। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारी को दे दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




