योजनाओं की जानकारी देने के साथ श्रेष्ठ आशाओं को मिला पुरस्कार
Siddhart-nagar News - 31 एसआईडीडी 02-03: सिद्धार्थनगर महोत्सव में शनिवार को आशा सम्मेलन का आयोजन किया गया। योजनाओं की जानकारी देने के साथ श्रेष्ठ आशाओं को मिला पुरस्कार

सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। सिद्धार्थनगर महोत्सव के चौथे दिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से आशा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं पर चर्चा की गई और योजना का लाभ पाने वाले लाभार्थियों के अनुभवों को भी साझा किया गया। आशाओं ने गर्भवती महिला के प्रथम त्रैमास में पंजीकरण की महत्ता को लेकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सभी गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण प्रथम त्रैमास में कराने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद जगदम्बिका पाल व विधायक श्यामधनी राही ने बेहतर कार्य करने वाली प्रत्येक ब्लॉक की तीन प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाली आशाओं को प्रश्स्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस मौके पर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में आशाओं की ओर से किए जाने वाले कार्य की सराहना की। डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि आम जन के स्वास्थ्य की बेहतरी के लिए आशाओं को मनोयोग से कार्य करना होगा। कुछ आशाएं अच्छा कार्य कर ही है जो सम्मान के पात्र है लेकिन अभी भी कई आशा अपने कार्य को लेकर गंभीर नहीं है जिन पर कार्रवाई के लिए भी विभाग को निर्देशित किया गया है। डीएम ने कहा कि अगर आशा प्रथम त्रैमास में गर्भवती महिला को चिन्हित कर उन्हें सेवाएं देना प्रारंभ कर दें तो न सिर्फ महिला को उच्च जोखिम में जाने से बचाया जा सकता है बल्कि कम वजन वाले नवजातों की संख्या में भी कमी लाई जा सकती है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया ने विभाग के महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में जानकारी दी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, आयुष्मान भारत के नोडल अधिकारी डॉ. वीएन चतुर्वेदी ने आयुष्मान भारत योजना के तहत बनाए जाने वाले गोल्डन कार्ड से मिलने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी। साथ ही राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत लाभ पाने वाले बच्चों के बारे में बताया। जिला मलेरिया अधिकारी सुनील चौधरी ने संक्रामक रोगों से बचाव के बारे में जानकारी दी। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.एमएम त्रिपाठी ने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के बारे में बताया। वहीं शोहरतगढ़ की आशा रीमा देवी, शांति देवी, संगीता देवी द्वारा प्रथम त्रैमास पर नुक्कड नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा लोक गायक गोविन्द चौहान व शोहरतगढ़ के बीसीपीएम द्वारा लोकगीत प्रस्तुत कर लोगों का मनोरंजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, सीडीओ बलराम सिंह, डॉ. शिवेश पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजेश शर्मा, डीसीपीएम मानबहादुर, जिला लेखा प्रबंधक राजेश मिश्र, समीर सिंह, अनन्त प्रकाश, विवेक तिवारी आदि मौजूद रहे। ......................... जिले के भर से 42आशा, तीन संगिनी एक बीसीपीएम को मिला सम्मान सिद्धार्थनगर। महोत्सव के दौरान आयोजित आशा सम्मेलन के दौरान जिले के सभी ब्लॉक से तीन-तीन श्रेष्ठ आशाओं को उनके विभिन्न क्षेत्रों में उत्तम कार्य के लिए सम्मानित किया गया। आशाओं को उनके द्वारा कराए गए टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, प्रथम त्रैमास में जांच, गर्भवतियों व नवजात की देखभाल करने श्रेष्ठ आशाओं को उनके बेहतर कार्य के लिए पांच, दो व एक हजार की धनराशि व प्रशस्ति पत्र प्रदान सम्मानित किया गया। इसके अलावा श्रेष्ठ संगिनी के रूप में उस्का बाजार की नीलम पांडेय, लोटन की कोकिला पांडेय, जोगिया की किसमाती को प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें क्रमश: पांच हजार, तीन हजार व दो हजार रुपये की धनराशि स्थानान्तरित किया जाएगा। संगिनियों को भी मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी तरह से श्रेष्ठ बीसीपीएम के रूप में भनवापुर के बीसीपीएम मेराज अहमद को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




