
खेतों में पहुंच फसल बर्बाद कर दे रहे छुट्टा पशु, किसान परेशान
Siddhart-nagar News - डुमरियागंज क्षेत्र के किसानों को छुट्टा पशुओं के आतंक से परेशानी हो रही है। ये पशु दिन में खेतों में घुसकर फसल बर्बाद कर रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से गोशालाओं को सक्रिय बनाने और नियमित निगरानी की मांग की है। स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है और अगर जल्दी कदम नहीं उठाए गए तो खेती पर संकट आ सकता है।
पथरा बाजार, हिन्दुस्तान संवाद। डुमरियागंज क्षेत्र में छुट्टा पशुओं के आतंक से किसान परेशान हैं। छुट्टा पशुओं का झुंड दिनदहाड़े खेतों में पहुंचकर गेहूं, मटर, सरसों व आलू की फसल को बर्बाद कर दे रहा है। इससे किसानों की मेहनत और लागत दोनों पर असर पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि जिले में कई गोशालाओं का संचालन हो रहा है। प्रशासन के जिम्मेदार छुट्टा पशुओं को गोशालाओं में भेजने के दावे भी करते हैं लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। ग्रामीणों ने कई बार पशुओं को पकड़वाकर गोशालाओं तक पहुंचाया, मगर कुछ ही दिनों बाद वे दोबारा खेतों में दिखाई देने लगते हैं।
गौरी पाठक गांव निवासी कृष्ण कुमार पाठक, सीताराम पाठक, रामकुमार पाठक, राधेश्याम दुबे, लालमन यादव, मिठाई यादव आदि किसानों ने बताया कि हालात ऐसे हैं कि सर्द रातों में भी परिवार के साथ खेतों में पहरा देना पड़ रहा है। दिन में खेती और रात में रखवाली के कारण उनका स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि खेतों की रखवाली में अगर जरा सी लापरवाही हो जाए तो पूरी फसल बर्बाद हो जा रही है। इससे महीनों की मेहनत पल भर में मिट्टी में मिल जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गोशालाओं को प्रभावी बनाए जाने, छुट्टा पशुओं की नियमित निगरानी और प्रभावित गांवों में विशेष टीमें गठित कर पशुओं को गोशाला में पहुंचाने की मांग की। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो खेती-किसानी पर गहरा संकट खड़ा हो सकता है। बीडीओ डुमरियागंज कुमार कार्तिकेय मिश्र ने बताया कि टीम लगाकर छुट्टा पशुओं को पकड़वाकर नजदीकी गोशाला में भेजा जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




