Siddhart Nagar News: पंच सम्मेलन में पंचायतों को सशक्त बनाने पर हुआ मंथन
Siddhart Nagar News: 12 एसआईडीडी 16: लोहिया कला भवन में आयोजित पंच सम्मेलन में शामिल प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी

Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। लोहिया कला भवन में बुधवार को सीडीओ बलराम सिंह की अध्यक्षता में पंच सम्मेलन वीबी-जीरामजी का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जनपद के सभी ब्लॉकों से ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों सहित पंचायत प्रतिनिधियों व संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। सम्मेलन में ग्रामीण विकास, पंचायतों को सशक्त बनाने और शासन की योजनाओं को गांवों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर मंथन किया गया।
सम्मेलन के दौरान महत्वपूर्ण बातें
सीडीओ ने कहा कि यह ग्रामीण विकास और स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों को व्यवस्था को पूरी निष्ठा के साथ धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में उपायुक्त श्रम रोजगार संदीप सिंह ने वीबी-जीरामजी की प्रमुख विशेषताओं पर व्याख्यान दिया। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, तकनीकी समावेशन, डिजिटल गवर्नेंस और पारदर्शी कार्यप्रणाली के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तकनीक के माध्यम से योजनाओं की निगरानी और क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। सम्मेलन के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने वीबी-जीरामजी की बारीकियों को समझते हुए इसे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया।
विकसित ग्राम, विकसित भारत का लिया संकल्प
सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के सतत विकास की रणनीति पर चर्चा हुई। ग्राम प्रधानों ने मेरा संकल्प-विकसित ग्राम, विकसित भारत का संकल्प दोहराया। साथ ही एक जुलाई 2026 से लागू 125 दिन की रोजगार गारंटी योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई।

