गर्मी में बिजली कटौती पर नेता प्रतिपक्ष ने जताई नाराजगी
इटवा के विधायक माता प्रसाद पांडेय ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन को पत्र लिखकर बिजली कटौती पर नाराजगी जताई है। उन्होंने गर्मी के बीच इटवा क्षेत्र में अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों से नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने और स्थिति की जानकारी देने की मांग की है।

इटवा, हिन्दुस्तान संवाद। भीषण गर्मी के बीच जनपद में हो रही लगातार बिजली कटौती को लेकर इटवा के विधायक व नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर नाराजगी जताई है। उन्होंने इटवा क्षेत्र में अनियमित विद्युत कटौती पर तत्काल रोक लगाने और सामान्य बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष ने अपने पत्र में कहा है कि इटवा क्षेत्र के कठौतिया, तरहर, बेलवा समेत कई प्रमुख इलाकों में निर्धारित रोस्टिंग शेड्यूल से अलग हटकर रात सात बजे से लेकर देर रात दो बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है।
इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों की रातें परेशानियों में गुजर रही हैं। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती का असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है, छोटे कारोबारी परेशान हैं और बच्चों तथा बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है।ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय अंधेरा और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। माता प्रसाद पाण्डेय ने प्रबंध निदेशक से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी कर प्रभावित क्षेत्रों में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही उन्होंने इस मामले में की गई कार्रवाई से अवगत कराने की भी अपेक्षा जताई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


