शहर के पेट्रोल पंपों पर राहत तो ग्रामीण क्षेत्रों में बनी रही समस्या
संतकबीरनगर में डीजल और पेट्रोल संकट के बीच शहर के पेट्रोल पंपों पर राहत मिली है। लंबी कतारें कम हुई हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में समस्या बनी हुई है। कई पंप सूखे हैं और लोग तेल की तलाश में भटक रहे हैं। प्रशासन के आदेश से किसानों और व्यवसायियों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में चल रहे डीजल पेट्रोल संकट के बीच शहर के पेट्रोल पंपों पर राहत रही। प्रतिदिन रहने वाली लम्बी कतारों वाली भीड़ काफी कम रही। शहर के पंपों पर आम दिनों दिनों की तरह चार छह से लेकर दस वाहनों तक की ही संख्या दिखी। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में समस्या बनी रही। जिन पंपों पर तेल आने की सूचना मिली उन पेट्रोल पंपों पर लम्बी कतार लगी रही। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश पंपों पर ड्राई रहने की नौबत बनी रही। तमाम पंपों पर तेल न आने से उस क्षेत्र के लोग परेशान हुए। कई पंपों का चक्कर लगाने के बाद तेल मिल पाया। वहीं प्रशासन के सामान्य डिब्बों में तेल न देने के आदेश से किसानों व व्यवसायियों की समस्या बढ़ गई है。
बघौली क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल का संकट
बघौली क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल का संकट लगातार गहराता जा रहा है। बघौली ब्लॉक क्षेत्र के लगभग सभी पेट्रोल पम्प ड्राई हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोग तेल की तलाश में एक पम्प से दूसरे पम्प तक भटकते नजर आए, लेकिन अधिकांश जगहों पर नो स्टॉक का बोर्ड लगा मिला। तेल की किल्लत के चलते बाइक, कार और अन्य वाहनों के चालक परेशान हो रहे हैं। कई लोग घंटों भटकने के बाद भी बिना तेल लिए वापस लौटने को मजबूर हुए। सबसे अधिक परेशानी दैनिक कामकाज करने वाले लोगों और किसानों को उठानी पड़ी। लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति बाधित चल रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो सकी है।
पेट्रोल पम्पों पर डिब्बे में तेल न मिलने से लोगों की बढ़ीं परेशानियां
पौली क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर डिब्बा में पेट्रोल व डीजल न देने से लोगों का कार्य बाधित हो रहा है। जिससे किसान, व्यवसायी और राहगीरों की परेशानियां बढ़ गई हैं। किसान सेवा केन्द्र इंडियन आयल दुल्हापार में डिब्बे में तेल लेने पहुंचे किसान श्यामलाल, राम सुरेमन, बलिराम आदि ने बताया कि गन्ने में पानी चलाने के लिए डिब्बे में तेल लेने पेट्रोल पम्प पहुंचे। नोजेल मैन ने कहा डिब्बा में तेल नहीं मिलेगा। मानक वाला जेरिकेन लाएं। इसी क्रम में ऑटो चालक व आटा चक्की चलाने वाले व्यवसायियों का कहना है कि तेल न मिलने से हम लोगों का व्यवसाय नहीं चल पा रहा है। पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा सरकार के निर्देश का हवाला देकर डिब्बा में तेल नहीं दिया जा रहा है, जिससे मोटर, जेनरेटर समेत अन्य उपकरणों में तेल नहीं डाल पा रहे हैं। जिससे व्यवसाय बन्द होने के कगार पर है।
महदेवा नानकार पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी कतार
धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के महदेवा नानकार स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल की आपूर्ति होने पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। डीजल लेने के लिए किसानों, ट्रैक्टर चालकों तथा अन्य वाहन स्वामियों की लंबी कतार लग गई। स्थिति यह रही कि पेट्रोल पंप के बाहर सड़क तक वाहनों और डिब्बा लेकर तेल लेने पहुंचे लोगों की लाइन लग गई। पूरे दिन लोगों की आवाजाही बनी रही।
क्षेत्र में पिछले चार दिनों से डीजल की कमी बनी हुई थी, जिससे किसानों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इन दिनों किसान धान की नर्सरी डालने और खेतों की तैयारी में जुटे हुए हैं। वहीं जुताई कार्य में लगे ट्रैक्टर चालकों को भी लगातार डीजल की आवश्यकता पड़ रही है। डीजल न मिलने के कारण कई किसानों का कृषि कार्य प्रभावित हो रहा था। पेट्रोल पंप पर डीजल के लिए लोग अपने ट्रैक्टर, बाइक और अन्य वाहन लेकर पेट्रोल पंप पहुंचने लगे। देखते ही देखते वहां लंबी लाइन लग गई। लोगों को अपनी बारी का इंतजार करने के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा। भीड़ अधिक होने के कारण किसी प्रकार की अफरा-तफरी या विवाद की स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया। पेट्रोल पंप पर पुलिसकर्मी मौजूद रहे और व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। पुलिस की मौजूदगी में वितरण का कार्य चलता रहा।
अधिकांश पेट्रोल पंपों पर बहाल हुई आपूर्ति
मेंहदावल क्षेत्र में बीते कई दिनों से डीजल और पेट्रोल की किल्लत से जूझ रहे लोगों को राहत मिली। नगर सहित अधिकांश पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता सामान्य रही, जिससे वाहनों की लंबी कतारें और मारामारी जैसी स्थिति देखने को नहीं मिली। नगर के रोडवेज स्थित इंडियन ऑयल पंप, टेडुवा, नौदरी तथा बाईपास क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर दिन भर दोनों ईंधन उपलब्ध रहे। ईंधन मिलने से वाहन चालकों ने राहत महसूस की। वहीं, पिछले दिनों की तुलना में पंपों पर भीड़ भी काफी कम रही। हालांकि कछार क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पंपों पर कहीं डीजल तो कहीं पेट्रोल की कमी बनी रही, जिससे ग्रामीण इलाकों के लोगों को कुछ परेशानी उठानी पड़ी। इसके बावजूद पूरे क्षेत्र में गुरुवार को हालात पहले की अपेक्षा काफी सामान्य नजर आए और हाहाकार जैसी स्थिति नहीं दिखी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


