आम के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव
ककरहवा। हिन्दुस्तान संवाद मोहाना थाना क्षेत्र के खरहरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में...
ककरहवा। हिन्दुस्तान संवाद
मोहाना थाना क्षेत्र के खरहरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव आम के पेड़ की डाल पर लोवर के सहारे लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मोहाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के खरहरा गांव निवासी रूपेश(20) पुत्र फूलचंद्र रविवार की रात परिवारीजनों के साथ भोजन करने के बाद सोने चला गया। परिवारीजन भी सोने चले गए। सोमवार की भोर में गांव के लोग शौच के लिए खेत की ओर गए। इस दौरान उनकी निगाह आम के पेड़ से लटकते शव पर गया तो वे शोर मचाने लगे। शोर सुन आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान रूपेश के रूप में हुई। वहीं घटना की जानकारी होते ही रूपेश के परिवारीजन में कोहराम मच गया। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोहाना थानाध्यक्ष जय प्रकाश दुबे ने बताया कि परिवारीजनों ने बताया कि रूपेश मानसिक रूप से बीमार था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ।