Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर में 15.47 करोड़ के साइबर फ्राड का आरोपित गिरफ्तार
Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर, इन्द्र मणि पाण्डेय। खेसरहा पुलिस व साइबर सेल की टीम ने मंगलवार को

Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर, इन्द्र मणि पाण्डेय। खेसरहा पुलिस व साइबर सेल की टीम ने मंगलवार को 15.47 करोड़ साइबर फ्राड करने वाले आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के पास से दो मोबाइल, एक लैपटॉप, चार बैंकों का पासबुक, पांच एटीएम कार्ड, 20 हजार नगदी बरामद हुए हैं। आरोपित खेसरहा थाना क्षेत्र के बेलवालगुनही गांव का रहने वाला है। वह एक कॉलेज में स्नातक का छात्र है।
मामले का खुलासा
एसपी डॉ.अभिषेक महाजन ने मंगलवार को पुलिस लाइंस सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि खेसरहा पुलिस ने एनसीआरपी/समन्वय पोर्टल पर भिन्न-भिन्न राज्य से की गई नौ शिकायतों से संबंधित जांच शुरू की। जांच में पता चला कि साइबर अपराध/म्यूल खाता संख्या 38160871756 में 154763520 रुपये की एनसीआरपी शिकायत में ऑनलाइन फाइनेंशियल फ्राड हुआ। इसमें से 24230 रुपये म्यूल खाते में आया व इसका उपयोग अपने निजी खर्चों में किया गया। मामले में 12 जुलाई 2026 को खेसरहा पुलिस ने आरोपित खेसरहा थाना क्षेत्र के बेलवालगुनही गांव निवासी नसीम अहमद(20) पुत्र औसाफ अहमद के खिलाफ धारा 318(4)/317(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया और मंगलवार को आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपित नसीम अहमद ने बताया कि वह ऑनलाइन गेम खेलकर साइबर फ्राड के रुपयों को अपने खातों में गेम के माध्यम से मंगवाता था और उन्हीं रुपयों को पुनः ऑनलाइन गेम में लगाकर अपने खातों में साईबर फ्राड की रकम को मगांता था। उसे अन्य बैंक खातों में स्थानान्तरित कर साइबर ठगी करता है। साइबर ठगी करने के उद्देश्य से उसने अपने नाम से यूनियन बैंक, अर्बन कोआपरेटिव बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक व इंडियन पोस्ट पेमेन्ट्स बैंक में छह खाते खुलवाए हैं। इन खातों को एनसीआरपी/समन्वय पोर्टल पर चेक किया गया तो भिन्न-भिन्न राज्य से आठ शिकायत पाई गई। इसमें कुल इसमें कुल साइबर फ्राड की धनराशि 70828078 रुपये हैं। इसमें से आरोपित नसीम अहमद के पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक व अर्बन कोआपरेटिव बैंक के खातों में 36916 रुपये आए।
ये हुई बरामदगी
दो मोबाइल, एक लैपटाप, एक माउस, एक लैपटाप चार्जर, चार पासबुक, पांच एटीएम कार्ड, एक इंडियन पोस्ट पेमेन्ट्स बैंक कार्ड व 20 हजार रुपये नगदी।
गिरफ्तार करने वाली टीम
आरोपित को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष खेसरहा अनूप कुमार मिश्र, साइबर सेल प्रभारी राघवेन्द्र प्रताप यादव, एसआई रवि प्रताप सिंह सेंगर, कांस्टेबल अभिषेक कुमार मौर्य, चन्दन सिंह शामिल रहे।


