रिश्वत लेने के मामले नायब तहसीलदार पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति
मुंशी के जरिए किश्तों में रुपये लेने का आरोप, जांच में कार्यशैली संदिग्ध रिश्वत लेने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्राम टीकुर निवासी ओम प्रकाश चौधरी की

सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। तहसील बांसी के खेसरहा में तैनात नायब तहसीलदार पर वरासत वाद के निस्तारण के नाम पर रिश्वत लेने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्राम टीकुर निवासी ओम प्रकाश चौधरी की शिकायत पर हुई जांच में प्रथम दृष्टया प्रकरण संदिग्ध पाए जाने के बाद जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने संबंधित नायब तहसीलदार के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति कर दी है।शिकायतकर्ता ओम प्रकाश चौधरी ने आरोप लगाया था कि उनके वरासत वाद (संख्या 202217630202990) के निस्तारण के लिए नायब तहसीलदार खेसरहा द्वारा अपने कथित निजी मुंशी जमाल के माध्यम से कुल 30 हजार रुपये तीन किश्तों में लिए गए।
इसके बावजूद वाद का निस्तारण नहीं किया गया और बाद में अतिरिक्त धनराशि की मांग भी की गई। शपथ पत्र के साथ इसकी शिकायत प्रशासन से की थी। मामले की जांच उपजिलाधिकारी इटवा कुणाल को सौंपी गई। जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने पहले 12 हजार रुपये और बाद में 18 हजार रुपये पत्नी के जेवर व गेहूं बेचकर दिए, जिसकी पुष्टि साक्ष्यों से भी हुई। वहीं नायब तहसीलदार माधुर्य यादव ने आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि उन्होंने किसी प्रकार की धनराशि नहीं ली है और जमाल को केवल न्यायालय में आने-जाने के कारण जानते हैं। जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में पाया कि शिकायतकर्ता और कथित मुंशी के बीच लगातार संपर्क रहा, जिसकी पुष्टि कॉल लॉग से होती है। साथ ही यह भी स्पष्ट हुआ कि जिस अधिवक्ता के मुंशी होने का दावा किया गया, वह इस वाद में किसी भी पक्ष का अधिवक्ता नहीं है, जिससे मुन्शी की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है। इसके अलावा वर्ष 2022 से लंबित वाद के निस्तारण में देरी का कोई ठोस कारण भी सामने नहीं आया। इन तथ्यों के आधार पर जांच अधिकारी ने नायब तहसीलदार और संबंधित मुन्शी की कार्यशैली को संदिग्ध बताते हुए कार्रवाई की संस्तुति की है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि उपजिलाधिकारी इटवा की जांच आख्या के आधार पर नायब तहसीलदार खेसरहा के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई हेतु रिपोर्ट संस्तुति सहित प्रेषित कर दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


