Siddhart Nagar News: सियासी दबाव में प्रशासन ने गिराया परसा रामलाल का मदरसा: माता प्रसाद पांडेय
Siddhart Nagar News: 18 एसआईडीडी 27 : सपा कार्यालय पर प्रेसवार्ता करते विस में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय पिपरा

Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। पथरा बाजार थाना क्षेत्र के पिपरा रामलाल गांव में मंगलवार सुबह गिराया गया मदरसा प्रशासन व डुमरियागंज के एक भाजपा नेता की साजिश है। 1936 के मदरसा को गिरा कर प्रशासन ने यह साबित कर दिया है कार्रवाई जो भी होगी वह एक पक्षीय होगी। वह पूरे मामले को विधानसभा में उठाएंगे। प्रशासन की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। ये बातें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सपा के जिला कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में कहीं। उन्होंने कहा कि मदरसा 1936 में बना था। उसका जीर्णोद्धार 1968 में किया गया। 1984 में चकबंदी हुई थी उसके कागज में मदरसा होने की बात अंकित है।
मदरसा की मान्यता है। वहां कक्षा एक से आठ तक के करीब साढ़े चार सौ बच्चे पढ़ते हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 2022 में नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने मदरसा को अवैध बता कर शिकायत की थी। प्रशासन ने भाजपा नेता के दबाव में उस पर कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि डुमरियागंज विस के एक नेता के शह पर यह सब किया गया है। वह वहां दंगा कराना चाहते हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि डीएम ने सोमवार शाम को आदेश दिया और छुट्टी पर चले गए। किसी की बात नहीं सुनी गई सिर्फ दबाव में मदरसा को अवैध बताकर तोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि वह पूरे मामले को विधानसभा में उठाएंगे। प्रशासन की मनमानी नहीं चलने देंगे। इस दौरान विधायक सैयदा खातून, सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव आदि मौजूद रहे।


