सोशल मीडिया पर अफवाह व फेक न्यूज फैलाने वालों की करें पहचान: एएसपी
Siddhart-nagar News - सिद्धार्थनगर में, एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद ने पुलिस लाइंस में डिजिटल वॉरियर्स संग बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और फेक न्यूज के खिलाफ जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए डिजिटल वॉरियर्स की भूमिका को सुदृढ़ करने की बात की।

सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। सोशल मीडिया पर अफवाह व फेक न्यूज फैलाने वालों की पहचान की जानी चाहिए। इस तरह की पोस्ट से न केवल सामाजिक सौहार्द को खतरा उत्पन्न होता है बल्कि व्यक्तिगत और आर्थिक नुकसान भी बढ़ रहा है। जागरुकता फैल कर इसे रोका जा सकता है। यह बातें एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद ने रविवार को पुलिस लाइंस सभागार में डिजिटल वॉरियर्स संग बैठक में कही। कहा कि गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य डिजिटल वॉरियर्स को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना है। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और फेक न्यूज को रोकने में उनकी भूमिका को सुदृढ़ करना व समाज में साइबर जागरूकता अभियान को गति प्रदान करना है।
एएसपी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध एक गंभीर चुनौती बनकर उभरी है। सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले नुकसान से डिजिटल वॉरियर्स को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता फैलाएं और समाज को सुरक्षित बनाने में योगदान दें। इस तरह के प्रयास न केवल साइबर अपराधों को कम करने में सहायक होंगे बल्कि समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को भी बढ़ाएंगे । इनका दायित्व है कि वे अफवाहों को रोकें, फेक न्यूज को पहचानें और बिना सत्यापन के किसी भी जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा न करें। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इस दौरान सीओ सदर विश्वजीत सौरयान, बीएन गुफ्ता प्रतिसार निरीक्षक आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




