Siddhart Nagar News: मुख्यमंत्री की घोषणाओं में जनपद को मिली तीन नई सड़कों की सौगात
Siddhart Nagar News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सिद्धार्थनगर में तीन महत्वपूर्ण मार्गों के निर्माण की घोषणा की गई है। इनमें भड़रिया-बढ़नीचाफा, बांसी से मिठवल, और बढ़या-गौरा बाजार मार्ग शामिल हैं। इन परियोजनाओं से ग्रामीण आवागमन में सुधार होगा। शासन ने क्रियान्वयन की प्रक्रिया पूरी करने को कहा है।

Siddhart Nagar News: सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से जनपद के लिए की गई घोषणाओं के तहत जिले में तीन महत्वपूर्ण मार्गों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन के मुख्य मंत्री घोषणा प्रकोष्ठ की ओर से जारी पत्र में इन परियोजनाओं को शामिल करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होने के साथ ही स्थानीय लोगों को आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। जिलकरी शिव शरणप्पा जीएन ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणा अनुसार विधानसभा क्षेत्र डुमरियागंज में भड़रिया-बढ़नीचाफा मार्ग का करीब 10 किलोमीटर लंबाई में निर्माण कराया जाएगा। इसी तरह बांसी विधानसभा क्षेत्र में बांसी से मिठवाल मार्ग ( किलकिल चौराहे से पाला संपर्क मार्ग) का करीब 8.30 किलोमीटर लंबाई में निर्माण प्रस्तावित है। वहीं इटवा विधानसभा क्षेत्र में बढ़या-गौरा बाजार मार्ग का करीब 15 किलोमीटर लंबाई में निर्माण कराया जाएगा।
घोषणाओं का क्रियान्वयन
शासन ने तीनों नवीन घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने को कहा है, ताकि मुख्यमंत्री द्वारा परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा सके। इसके लिए परियोजनाओं से संबंधित आगणन, कार्य प्रारंभ होने की संभावित तिथि और कार्य पूर्ण होने की अपेक्षित तिथि समेत अन्य विवरण मुख्यमंत्री कार्यालय की वेबसाइट पर फीड करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगरानी और प्रगति की रिपोर्टिंग
हर 15 दिन में होगी प्रगति की फीडिंग शासन ने घोषणाओं की प्रगति की नियमित निगरानी के लिए विभागीय स्तर पर नोडल अधिकारी नामित करने के भी निर्देश दिए हैं। प्रत्येक घोषणा की प्रगति कम से कम 15 दिन में एक बार ऑनलाइन फीड की जाएगी। निर्माण कार्य शुरू नहीं होने की स्थिति में प्रयासों और संबंधित अभिलेखों की जानकारी भी दर्ज करनी होगी। परियोजनाओं के क्रियान्वयन के बाद ही उन्हें पूर्ण मानने तथा संशोधित, निरस्त या स्थानांतरित करने की स्थिति में शासन से अनुमोदन लेने की व्यवस्था की गई है।


