ईद मिलादुन्नबी आज, शहर से लेकर गांव तक मनेगा मुहम्मद साहब का जन्मदिन
Siddhart-nagar News - सिद्धार्थनगर में शुक्रवार को हजरत मुहम्मद मुस्तफा का जन्मदिन जश्न-ए-मुहम्मदी के साथ मनाया जाएगा। जुलूस-ए-मुहम्मदी सुबह साढ़े आठ बजे निकलेगा, जिसमें हजारों लोग शामिल होंगे। गरीबों के बीच दान दिया जाएगा...

सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। इस्लाम धर्म के आखिरी पैगंबर हजरत मुहम्मद मुस्तफा सललल्लाहो अलैह वसल्लम का जन्मदिन शुक्रवार को जश्न के माहौल में मनाया जाएगा। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में जश्न-ए-मुहम्मदी मनाने की तैयारियां चल रही हैं। जुलूस-ए-मुहम्मदी के साथ देर रात तक मिलाद शरीफ का सिलसिला जारी रहेगा। गरीबों के बीच दान भी किया जाएगा। ईद मिलादुन्नबी की तैयारियां शहर के आजाद नगर, शास्त्री नगर, बेलसड़, सिसहनिया, बुद्धनगर, रमजान नगर, गोबरहवा आदि मोहल्लों में पिछले कई दिनों से की जा रही है। तैयारियां लगभग पूरी भी हो चुकी हैं। मस्जिदों को कुमकुमों से सजाया गया है। झंडी, पताकों को जगह-जगह लगाया गया है।
शहर की ईदगाह से शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे जुलूस-ए-मुहम्मदी निकलेगा जिसमें हजारों लोग शामिल होंगे। पूरे शहर का गश्त करते हुए जुलूस दोपहर बाद सिद्धार्थ तिराहा पर समाप्त होगा। वहां पर बने मंच से सलाम पढ़ने के बाद देश व दुनिया की सलामती के लिए दुआ मांगी जाएगी। सुबह से ही मिलाद शरीफ का सिलसिला शुरू होकर देर रात तक जारी रहेगा। इस दौरान गरीबों के बीच दान भी लोग करेंगे। इसके अलावा जिले के डुमरियागंज, इटवा, शोहरतगढ़, बांसी तहसील क्षेत्रों में भी मुहम्मद साहब का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा। प्रशासन ने इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसपी डॉ.अभिषेक महाजन के निर्देश पर सभी थानों पर पीस कमेटी की बैठक की गई। लोगों से आपसी भाईचारा के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। न बजाएं डीजे, अमन के साथ निकाले जुलूस हाफिज कारी इस्लामुद्दीन ने लोगों से अपील की है कि जुलूस के दौरान डीजे का प्रयोग न करें। इससे ध्वनि प्रदूषण होता है। उन्होंने कहा कि मुहम्मद साहब का जन्मदिन शान से मनाएं लेकिन ऐसा कुछ न करें जो शरीयत के खिलाफ हो।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




