आंखों से रोशनी गायब, दूसरों को उजाला दे रहे पवनसुत
Siddhart-nagar News - डुमरियागंज के पवनसुत मौर्य, जो दोनों आंखों से दिव्यांग हैं, ने साबित किया है कि हौसले से कोई भी मंजिल पा सकता है। उन्होंने भाजपा के सहयोग से समाजसेवा में योगदान दिया और हाल ही में भारतभारी नगर पंचायत में सभासद के रूप में नामित किए गए। उन्होंने लोगों को कई बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद की।

डुमरियागंज, हिन्दुस्तान संवाद। दुनिया कहती है बिना आंखों के मंजिल नहीं मिलती है, लेकिन डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के भारतभारी नगर पंचायत से ताल्लुक रखने वाले दोनों आंखों से दिव्यांग एक व्यक्ति ने यह साबित कर दिया की उड़ान आंखों से नहीं हौसलों से होती है। उस व्यक्ति के आंखों की रोशनी गायब है, जबकि वह दूसरों को उजाला देने का काम कर रहे। इसका नतीजा है कि भाजपा के सहयोग से शासन ने उन्हें नामित सभासद के रूप में इनाम देने का काम किया है। भारतभारी नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 दशरथ नगर के परसा इमाद में बेहद साधारण परिवार में जन्म लेने वाले पवनसुत मौर्य पुत्र स्व.लाल बहादुर की महज आठ साल की उम्र में आंखें खराब होने लगी।
धीरे-धीरे दोनों आंखों की रोशनी पूरी तरह से गायब हो गई। इस बीच वह समाजसेवा से जुड़कर लोगों का सहयोग करते रहे। करीब 40 साल से दोनों आंखों की दिव्यांगता का दंश झेलने के बावजूद पवनसुत मौर्य ने भाजपा से जुड़कर क्षेत्रीय लोगों की सेवा करने का काम नहीं छोड़ा।हिन्दुस्तान से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा में बूथ प्रमुख से लेकर दिव्यांगता प्रकोष्ठ का जिला संयोजक तक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। पवनसुत मौर्य बताते हैं कि इस दौरान पार्टी के कुछ लोगों द्वारा उपेक्षित रवैया अपनाया गया, इसके बावजूद भी वह विचलित नहीं हुए। न सिर्फ भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करते रहे, बल्कि लोगों को आवास, पेंशन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को पात्रता के आधार पर मुहैया कराने की दिशा में लगातार प्रयास करते रहे। लोग लाभान्वित भी हुए। शासन द्वारा भारतभारी नगर पंचायत में सभासद के रूप में नामित किए जाने को लेकर वह कहते हैं कि इसमें भाजपा जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम है। इस मनोनयन से काफी खुशी हुई है। रविवार को शपथ लेने के बाद पवनसुत मौर्य ने पार्टी के शीर्ष नेताओं व सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


