रसोई गैस सिलेंडर के संकट पर फूटा गुस्सा, सड़क जाम
Siddhart-nagar News - 16 एसआईडीडी 01: इटवा में राजा गैस एजेंसी के सामने गुरुवार को रसोई गैस संकट पर उपभोक्ताओं ने इटवा-डुमरियागंज मार्ग जाम किया।

इटवा, हिन्दुस्तान संवाद। खाड़ी देशों में जारी युद्ध के असर के बीच इलाके में रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था अब तक पटरी पर नहीं लौट सकी है। गुरुवार को इटवा स्थित राजा गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब वह सिलेंडर लेने पहुंचे और एजेंसी पर ताला लटका मिला। इससे आक्रोशित उपभोक्ताओं ने एजेंसी के सामने इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया। इससे 25 मिनट तक आवागमन ठप रहा। पुलिस के आवश्वासन पर जाम खुल सका।प्रदर्शनकारियों ने एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर करीब डेढ़ किमी लंबी वाहनों की कतार लग गई।
इससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उपभोक्ता मानने को तैयार नहीं थे। हालात को नियंत्रित करने के लिए करीब 25 मिनट बाद इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ पहुंचे और मोर्चा संभाला। इंस्पेक्टर ने उपभोक्ताओं को समस्या के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रदर्शनकारी धीरे-धीरे शांत हुए और सड़क से हटे। इसके बाद यातायात बहाल हो सका। प्रदर्शन के दौरान कई उपभोक्ताओं ने बताया कि सहालग का सीजन चल रहा है। ऐसे में गैस सिलेंडर की मांग बढ़ी हुई है, लेकिन आपूर्ति बेहद कमजोर है। उनका आरोप है कि बिना सिलेंडर दिए ही डिलीवरी का मैसेज भेज दिया जाता है। जिससे शिकायत दर्ज कराना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों ने प्रशासन से आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


