ट्रांसफार्मर की चिंगारी से तीन घर राख, मवेशी झुलसे
श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी ने तीन परिवारों के घरों को नष्ट कर दिया। आग ने विक्रम, शेशराज और गोपाल के घरों को जलाकर राख कर दिया। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। नुकसान का जायजा लिया जा रहा है।

गिलौला, श्रावस्ती, संवाददाता। श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लंगडी गूलर के माजरा सारन पुरवा में गुरुवार को दोपहर लगभग 11 बजे ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी ने भीषण तबाही मचा दी। आग की चपेट में आकर तीन परिवारों का घर-बार स्वाहा हो गया। माजरा निवासी शेशराज गुप्ता पुत्र भरोसे ने शनिवार को गिलौला थाने में तहरीर देकर बताया कि गांव में लगे ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी सबसे पहले विक्रम पुत्र शोभाराम के फूस के छप्पर पर जा गिरी, जिससे आग ने देखते ही देखते रौद्र रूप धारण कर लिया और उनकी गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।
इसके बाद आग की तेज चिंगारी शेशराज गुप्ता के छप्पर पर जा गिरी। इस आग में छप्पर के नीचे बंधे मवेशी गंभीर रूप से झुलस गए तथा 7 कुंतल गेहूं, पशुओं का चारा, चारा मशीन, पंपिंग सेट सहित गृहस्थी का तमाम सामान भस्म हो गया।जब तक शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हुए, तब तक आग ने तीसरे घर गोपाल पुत्र फेरई के फूस के छप्पर को भी अपनी चपेट में ले लिया और वह भी पूरी तरह जलकर राख हो गया। अंततः ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत और फायर ब्रिगेड की सक्रियता से आग पर काबू पाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पीआरबी और लेखपाल पहुंचे तथा आग से पीड़ित परिवारों के नाम नोट कर नुकसान का जायजा लिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


