ट्रैक्टर खाई में पलटा पिता की मौत पुत्र घायल, अन्य दुर्घटनाओं में पांच घायल

Newswrap हिन्दुस्तान, श्रावस्ती
Follow us on Google News
share

इकौना में चार अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे हुए। एक बेकाबू ट्रैक्टर पलटने से पिता की मौत हो गई और बेटे की एक आंख बाहर निकल आई। अन्य हादसों में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

ट्रैक्टर खाई में पलटा पिता की मौत पुत्र घायल, अन्य दुर्घटनाओं में पांच घायल

इकौना, संवाददाता। इकौना थाना क्षेत्र में चार अलग अलग स्थानों पर सड़क हादसे हुए। इसमें बेकाबू ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबकर पिता की मौत हो गई और बेटे की एक आंख बाहर निकल आई। वहीं अन्य सड़क हादसों में पांच अन्य लोग गंभीररूप से घायल हो गए। इकौना थाना क्षेत्र के इकौना देहात स्थित तेलियन पुरवा निवासी पवन कुमार यादव (30) पुत्र भगेलू यादव बुधवार दोपहर में अपना पुराना ट्रैक्टर बनवाकर घर जा रहे थे। ट्रैक्टर पर उसका बेटा ऋषभ (9) बैठा हुआ था। मोहनीपुर में ट्रैक्टर में हवा भरवाया इसके बाद घर वापस जा रहा था। इस दौरान जमुनहा मार्ग पर घर के पास ही ट्रैक्टर को बैक करने लगे। इस दौरान ट्रैक्टर का पहिया सड़क से उतरकर गड्ढे में चला गया और ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में पवन कुमार ट्रैक्टर के नीचे दब गया। जबकि चोट लगने से बेटे ऋषभ की बाईं तरफ आंख बाहर निकल आई। हादसा देख मौके पर पहुंचे लोगों ने पवन को किसी तरह बाहर निकाला। गंभीर हालत में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इकौना ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने ट्रैक्टर चालक पिता पवन कुमार यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं बेटे ऋषभ की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पर इकौना थाने की पुलिस पहुंची और पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि पवन कुमार के दो बच्चे हैं। उसके पिता भगेलूराम आर्मी से रिटायर्ड हैं और अब बैंक आफ बड़ौदा शाखा खरगौरा बस्ती में कार्यरत हैं। पवन की मौत से परिजनों का रो रोकर हाल बेहाल है। वहीं ऋषभ को मेडिकल कालेज बहराइच से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है.

इनसेट-

सड़क हादसों में तीन अन्य लोग घायल-

इकौना थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 730 पर गोविन्दपुर मोड़ के पास मंगलवार देर शाम को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक सवार गिलौला थाना क्षेत्र के मौहारी निवासी भगवानदीन (30) पुत्र विश्वनाथ गंभीररूप से घायल हो गया। लोगों की ओर से घायल को एम्बुलेंस से सीएचसी इकौना में भर्ती कराया गया। इसी तरह इकौना-पयागपुर मार्ग पर मंगलवार रात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सोनवा थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गांव निवासी अजय कुमार (25) पुत्र मनीराम गंभीररूप से घायल हो गया। जिसे एम्बुलेंस से सीएचसी इकौना में भर्ती कराया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया। इकौना-भिनगा मार्ग स्थित भोजपुर गांव के पास तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के थनवापुर गांव निवासी अमृतलाल (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी इकौना में भर्ती कराया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया।

गिरंट थाने के सामने खंभे से टकराई कार, दो लोग घायल

गिरंटबाजार। नानपारा से गिरंट बदला चौराहा मार्ग पर तेज गति से आ रही कार मंगलवार की रात में थाना हरदत्त नगर गिरन्ट में भवन के ठीक सामने सड़क के किनारे लगे बिजली के खम्भे से टकरा गई। खंभे में बिजली के साथ ही सरकारी सीसीटीवी कैमरा लगे थे तथा एक सोलर पोल लोहे का लगा था। कार की ठोकर से बिजली का खम्भा टूट गया तथा सोलर एवं पोल पर लगा 01 सीसीटीवी कैमरा टूट कर खराब हो गया है। गाड़ी में बैठ अवधेश कुमार वर्मा पुत्र बाबादीन वर्मा तथा वीरेन्द्र सिंह पुत्र बृजनाथ सिंह निवासीगण संकल्पा कला थाना मल्हीपुर जनपद श्रावस्ती को चोटें आयी है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी मल्हीपुर एम्बुलेंस के माध्यम से भिजवाया गया।

सामान्य प्रश्न

इकौना में सड़क हादसों में कितने लोग घायल हुए?
इकौना में चार अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग गंभीररूप से घायल हुए।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।